देश की खबरें | जी-20 की मेजबानी भारत के स्वास्थ्य नवाचारों को प्रदर्शित करने का उपयुक्त अवसर: विशेषज्ञ

नयी दिल्ली, सात जनवरी सार्वजनिक स्वास्थ्य पेशेवरों का मानना है कि 2023 में जी-20 की मेजबानी देश के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वास्थ्य क्षेत्र के प्रणेता के रूप में उभरने और पारंपरिक स्वास्थ्य पद्धतियों के प्रचार-प्रसार का एक बड़ा अवसर साबित होगा।

स्वास्थ्य क्षेत्र के थिंक टैंक आईएचडब्ल्यू काउंसिल द्वारा शुक्रवार को आयोजित रणनीतिक गोलमेज सम्मेलन में देश भर के पेशेवर शामिल हुए और टिकाऊ तथा लचीले स्वास्थ्य ढांचे के निर्माण कर कोविड-19 महामारी के दुष्प्रभावों को कम करने की आवश्यकता पर चर्चा की।

बैठक में इस बात पर भी चर्चा की गयी कि वैश्विक स्तर पर समग्र स्वास्थ्य पर चर्चा शुरू करने के लिए जी-20 की अध्यक्षता का लाभ कैसे उठाया जाए।

इस अवसर पर, पूर्व केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव लव वर्मा ने कहा कि जी-20 की अध्यक्षता का इस्तेमाल भारत की अग्रणी स्वास्थ्य उपलब्धियों, विशेष रूप से महामारी के दौरान प्रौद्योगिकी के इस्तेमाल, को प्रदर्शित करने के लिए किया जाना चाहिए।

सम्मेलन में ‘‘ग्लोबल साउथ एशिया’’ के स्वास्थ्य के क्षेत्र में अग्रणी बनकर उभरने और स्वास्थ्य के क्षेत्र में वैचारिक नेतृत्व की प्रक्रिया को तेज करने में भारत के योगदान पर भी चर्चा हुई।

नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ के शासकीय बोर्ड के सदस्य डॉ. संजीव कुमार ने टिप्पणी की, "महामारी के दौरान ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की तर्ज पर पूरी दुनिया एक परिवार के रूप में दिखने लगी थी और 2023 में भारत की मेजबानी में इस संदेश को प्रचारित-प्रसारित किया जाना चाहिए।’’

उन्होंने जोर दिया कि प्राथमिक स्वास्थ्य सेवा स्वस्थ राष्ट्रों की आधारशिला है तथा जी-20 के मंच का इस्तेमाल उस पर ध्यान केंद्रित करने के लिए किया जाना चाहिए।

"जी-20 के दौरान भारत के लिए वैश्विक स्वास्थ्य के नेतृत्व का अवसर" शीर्षक वाली बैठक में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के पूर्व प्रोफेसर डॉ. चंद्रकांत पांडव; एंजेण्डर हेल्थ के कंट्री रिप्रेजेंटेटिव डॉ. अजय खेड़ा, लोक नायक जयप्रकाश (एलएनजेपी) अस्पताल के निदेशक डॉ सुरेश कुमार; और वरिष्ठ मनोचिकित्सक और मानव व्यवहार और संबद्ध विज्ञान संस्थान के पूर्व निदेशक डॉ निमेश देसाई एवं अन्य ने भी भाग लिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)