बांद्रा में प्रवासी कामगारों के जुटने पर गृह मंत्री शाह ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री से बात की
शाह ने इस बात पर जोर दिया कि ऐसी घटनाएं कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम के लिए जारी भारत की लड़ाई को कमजोर करती हैं और इन्हें रोकने के लिये प्रशासन को सजग रहने की जरूरत है।
नयी दिल्ली, 14 अप्रैल केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से बात की और मुंबई के बांद्रा इलाके में लॉकडाउन का उल्लंघन करते हुए बड़ी संख्या में लोगों के जुटने पर चिंता जाहिर की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
शाह ने इस बात पर जोर दिया कि ऐसी घटनाएं कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम के लिए जारी भारत की लड़ाई को कमजोर करती हैं और इन्हें रोकने के लिये प्रशासन को सजग रहने की जरूरत है।
गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा, “गृह मंत्री ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री से बात की और मुंबई के बांद्रा इलाके में बड़ी संख्या में लोगों के जुटने पर चिंता जाहिर की।”
अधिकारी ने कहा कि शाह ने स्थिति से निपटने के लिये महाराष्ट्र सरकार को अपने पूर्ण समर्थन की पेशकश की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लॉकडाउन की अवधि को तीन मई तक बढ़ाए जाने की घोषणा के कुछ घंटों बाद ही करीब 1000 प्रवासी कामगार अपने पैतृक स्थान पर जाने के लिए परिवहन सुविधा उपलब्ध कराए जाने की मांग को लेकर मुंबई के बांद्रा इलाके में एकत्र हो गए थे।
पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि प्रवासी कामगारों को दो घंटे बाद वहां से हटा दिया गया और उन्हें आश्वासन दिया गया कि बंद जारी रहने तक उनके खाने-पीने और ठहरने का इंतजाम किया जाएगा।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में पुलिसकर्मी प्रवासियों को मुंबई के उपनगरीय बांद्रा रेलवे स्टेशन के पास से हटाने के लिये हलका लाठीचार्ज करते नजर आए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 14, 2020 09:12 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

