नयी दिल्ली, 15 जनवरी राष्ट्रीय राजधानी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रस्तावित रोडशो पर चुटकी लेते हुए कांग्रेस ने रविवार को कहा कि ‘भारत जोड़ो यात्रा की सफलता से परेशान’ होकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी पार्टी को यह ‘‘तमाशे जैसा रोड शो आयोजित’’ करने को कहा है।
भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की दो दिवसीय बैठक सोमवार से शुरू हो रही है। बैठक शुरू होने से पहले भाजपा ने पटेल चौक से एनडीएमसी के सभागार तक प्रधानमंत्री के लिए रोडशो का आयोजन किया है।
भाजपा पर निशाना साधते हुए कांग्रेस के महासचिव संवाद प्रभारी जयराम रमेश ने ट्विटर पर कहा, ‘‘भारत जोड़ो यात्रा की सफलता से डरे हुए असुरक्षित प्रधानमंत्री ने भाजपा को तमाशे जैसा रोडशो आयोजित करने को कहा है जो कल राष्ट्रीय राजधानी में थोड़ी दूरी तय करेगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ऐसे खोखले, नाटकीय आयोजन सिर्फ प्रधानमंत्री के ढोलकियों को व्यस्त रख सकते हैं।’’
कांग्रेस लगातार दावा कर रही है कि प्रधानमंत्री मोदी कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा की सफलता से डरे हुए हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY