होल्डर ने कहा, खिलाड़ियों को इंग्लैंड दौरे के लिए बाध्य नहीं करेंगे
वेस्टइंडीज को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चार जून से इंग्लैंड में टेस्ट श्रृंखला खेली थी लेकिन कोरोना वायरस महामारी के फैलने के कारण इस श्रृंखला को स्थगित करना पड़ा।
लंदन, 19 मई वेस्टइंडीज के कप्तान जेसन होल्डर ने कहा है कि वह कोविड-19 महामारी के बीच अपने खिलाड़ियो को तीन टेस्ट मैचों के इंग्लैंड के दौरे पर जाने के लिए बाध्य नहीं करेंगे।
वेस्टइंडीज को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चार जून से इंग्लैंड में टेस्ट श्रृंखला खेली थी लेकिन कोरोना वायरस महामारी के फैलने के कारण इस श्रृंखला को स्थगित करना पड़ा।
इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) को हालांकि उम्मीद है कि वे जुलाई में इस श्रृंखला को आयोजित करके अपना सत्र शुरू कर सकते हैं।
होल्डर ने बीबीसी रेडियो फाइव से कहा, ‘‘कोई भी कदम उठाने हुए प्रत्येक खिलाड़ी को सहज होना चाहिए। स्पष्ट कर दिया गया है कि अगर हमें इंग्लैंड में खेलने जाना है तो ऐसा करना सुरक्षित होना चाहिए।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मेरे नजरिए से देखा जाए तो निश्चित तौर पर मैं किसी को भी कहीं भी जाने के लिए बाध्य नहीं करूंगा।’’
पिछले हफ्ते ईसीबी के निदेशक एशले जाइल्स ने कहा था कि उन्हें ऐसा माहौल तैयार करना होगा जहां वेस्टइंडीज और पाकिस्तान दोनों ब्रिटेन का दौरा करते हुए सुरक्षित महसूस करें। जाइल्स ने आश्वासन दिया था कि कोई भी फैसला करने से पहले जोखिम का पूरी तरह से आकलन किया जाएगा।
होल्डर ने कहा, ‘‘क्रिकेट वेस्टइंडीज ने हमें आश्वासन दिया है कि हम तभी इंग्लैंड जाएंगे अगर उन्हें लगता है कि हमारा खेलना सुरक्षित है।’’
होल्डर ने दोहराया कि स्वास्थ्य और सुरक्षा पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा, ‘‘पहली प्राथमिकता सभी की सुरक्षा है। हमें आश्वासन दिया गया है कि दौरा तभी संभव होगा जब क्रिकेट दोबारा शुरू करने के लिए ईसीबी के उठाए कदमों से सभी लोग सहज होंगे।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 19, 2020 02:31 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

