एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | हॉकी इंडिया ने वार्षिक पुरस्कारों के लिए रिकॉर्ड इनामी राशि की घोषणा की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हॉकी इंडिया ने अपने सातवें वार्षिक पुरस्कारों के लिए 12 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड पुरस्कार राशि की घोषणा की जिसके लिए आठ श्रेणियों में 32 खिलाड़ियों को नामित किया गया है।

देश की खबरें | हॉकी इंडिया ने वार्षिक पुरस्कारों के लिए रिकॉर्ड इनामी राशि की घोषणा की

नयी दिल्ली, 10 मार्च हॉकी इंडिया ने अपने सातवें वार्षिक पुरस्कारों के लिए 12 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड पुरस्कार राशि की घोषणा की जिसके लिए आठ श्रेणियों में 32 खिलाड़ियों को नामित किया गया है।

वार्षिक पुरस्कार कार्यक्रम शनिवार को यहां आयोजित किया जाएगा जिसमें 2024 सत्र में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा।

पुरस्कार समारोह के प्रमुख आकर्षणों में से एक प्रतिष्ठित बलबीर सिंह सीनियर पुरस्कार है जो वर्ष के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के लिए दिया जाएगा। यह सर्वश्रेष्ठ पुरुष और सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी को दिया जाएगा।

युवा खिलाड़ियों को भी पुरस्कृत किया जाएगा। जुगराज सिंह पुरस्कार वर्ष के उभरते हुए सर्वश्रेष्ठ पुरुष खिलाड़ी जबकि असुंता लाकड़ा पुरस्कार वर्ष की उभरती हुई महिला खिलाड़ी को दिया जाएगा।

इसके अलावा विभिन्न भूमिकाओं में व्यक्तिगत उत्कृष्टता के लिए भी पुरस्कार दिए जाएंगे। इसमें वर्ष के सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर के लिए बलजीत सिंह पुरस्कार, वर्ष के सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर के लिए परगट सिंह पुरस्कार, वर्ष के सर्वश्रेष्ठ मिडफील्डर के लिए अजीत पाल सिंह पुरस्कार और वर्ष के सर्वश्रेष्ठ फारवर्ड के लिए धनराज पिल्ले पुरस्कार शामिल हैं।

इस वर्ष के पुरस्कार उसी दिन दिए जाएंगे जिस दिन 50 साल पहले 1975 में भारतीय पुरुष टीम ने विश्व कप जीता था जो देश का अब तक का पहला और एकमात्र विश्व खिताब है।

इसके साथ ही 2025 में भारतीय हॉकी के 100 वर्ष भी पूरे हो जाएंगे क्योंकि देश को सात नवंबर 1925 को अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) से मान्यता मिली थी।

इस दौरान भारत की ओलंपिक कांस्य पदक विजेता टीम को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा पिछले साल एशियाई चैंपियन्स ट्रॉफी जीतने वाली पुरुष और महिला टीम को भी सम्मानित किया जाएगा।

जूनियर एशिया कप जीतने वाली पुरुष और महिला टीम को भी सम्मानित किया जाएगा।

हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने एक बयान में कहा, ‘‘हॉकी इंडिया का सातवां वार्षिक पुरस्कार 2024 भारतीय हॉकी में मौजूद असाधारण प्रतिभा का उत्सव है। यह केवल व्यक्तिगत उपलब्धियों को पहचानने के बारे में नहीं है बल्कि 2024 में चमकने वाली भारतीय हॉकी की सामूहिक भावना का सम्मान करना है।’’

हॉकी इंडिया वार्षिक पुरस्कार 2024 के लिए नामांकन इस प्रकार हैं:

वर्ष 2024 के सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर के लिए हॉकी इंडिया बलजीत सिंह पुरस्कार: बिचू देवी खारीबाम, कृष्ण बहादुर पाठक, पीआर श्रीजेश, सविता।

वर्ष 2024 के सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर के लिए हॉकी इंडिया परगट सिंह पुरस्कार: संजय, अमित रोहिदास, हरमनप्रीत सिंह, उदिता।

वर्ष 2024 के सर्वश्रेष्ठ मिडफील्डर के लिए हॉकी इंडिया अजीत पाल सिंह पुरस्कार: जरमनप्रीत सिंह, हार्दिक सिंह, नीलाकांता शर्मा, सुमित।

वर्ष 2024 के सर्वश्रेष्ठ फारवर्ड के लिए हॉकी इंडिया धनराज पिल्लै पुरस्कार: लालरेम्सियामी, अभिषेक, सुखजीत सिंह, नवनीत कौर।

वर्ष की उभरती हुई महिला खिलाड़ी के लिए हॉकी इंडिया असुंता लाकड़ा पुरस्कार (21 वर्ष से कम): ब्यूटी डुंगडुंग, दीपिका, वैष्णवी विट्ठल फाल्के, सुनेलिता टोप्पो।

वर्ष के उभरते हुए पुरुष खिलाड़ी के लिए हॉकी इंडिया जुगराज सिंह पुरस्कार (21 वर्ष से कम) : अर्शदीप सिंह, आमिर अली, शारदानंद तिवारी, अराइजीत सिंह हुंदल।

वर्ष की सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी के लिए हॉकी इंडिया बलबीर सिंह सीनियर पुरस्कार: सविता पुनिया, सलीमा टेटे, संगीता कुमारी, नवनीत कौर।

वर्ष के सर्वश्रेष्ठ पुरुष खिलाड़ी के लिए हॉकी इंडिया बलबीर सिंह सीनियर पुरस्कार: अभिषेक, हार्दिक सिंह, हरमनप्रीत सिंह, सुखजीत सिंह।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Mar 10, 2025 01:40 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).