देश की खबरें | हिप्र सरकार ने जेल नियमों में संशोधन किया, जाति के आधार पर काम का बंटवारा समाप्त

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हिमाचल प्रदेश सरकार ने कैदियों के बीच समानता सुनिश्चित करने और जाति आधारित कार्य के बंटवारे को खत्म करने के लिए ‘हिमाचल प्रदेश कारागार नियमावली 2021’ में सभी जाति आधारित प्रावधानों में संशोधन कर दिया है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

शिमला, 22 फरवरी हिमाचल प्रदेश सरकार ने कैदियों के बीच समानता सुनिश्चित करने और जाति आधारित कार्य के बंटवारे को खत्म करने के लिए ‘हिमाचल प्रदेश कारागार नियमावली 2021’ में सभी जाति आधारित प्रावधानों में संशोधन कर दिया है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

राज्य सरकार ने जेलों और सुधार संस्थानों में जाति आधारित भेदभाव को प्रतिबंधित करने के लिए नियमावली में एक पैराग्राफ जोड़ा है।

एक सरकारी प्रवक्ता ने कहा कि जोड़ा गया नया प्रावधान (पैराग्राफ 5.66) यह सुनिश्चित करता है कि जाति के आधार पर कैदियों के बीच कोई भेदभाव, वर्गीकरण या अलगाव नहीं होगा। उन्होंने कहा कि पैराग्राफ 5.67 में आगे कहा गया है कि जेलों में किसी भी कर्तव्य या काम को सौंपने में कैदियों के साथ उनकी जाति के आधार पर कोई भेदभाव नहीं किया जाएगा।

इसी तरह पैराग्राफ 5.68 में प्रावधान है कि कैदियों को हाथ से मैला ढोने, सीवर सिस्टम के रखरखाव और सेप्टिक टैंक की सफाई के काम में नहीं लगाया जाएगा।

इससे पहले जेल नियमावली में महिला कैदियों की अनुपस्थिति में सफाई कार्यों के लिए वेतनभोगी सफाई कर्मचारियों को रखने का प्रावधान था। पहले पैराग्राफ 214 के तहत यह प्रावधान था, जिसे अब पूरी तरह से हटा दिया गया है।

प्रवक्ता ने बताया कि जेल रिकॉर्ड में अब कैदियों की जाति, समुदाय या धार्मिक संबद्धता का उल्लेख नहीं किया जाएगा। राज्य सरकार ने हिमाचल प्रदेश जेल नियमावली द्वितीय संशोधन, 2025 के माध्यम से ये सुधार किए हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\