एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | महाराष्ट्र में हिंदुत्व ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जवाबी ध्रुवीकरण से ‘महायुति’ को जीतने में मदद मिली: फडणवीस

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने कहा है कि हाल के राज्य विधानसभा चुनाव में हिंदुत्व के मुद्दे ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और जवाबी ध्रुवीकरण से ‘महायुति’ गठबंधन को बड़ी जीत हासिल करने में मदद मिली।

देश की खबरें | महाराष्ट्र में हिंदुत्व ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जवाबी ध्रुवीकरण से ‘महायुति’ को जीतने में मदद मिली: फडणवीस

मुंबई, छह दिसंबर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने कहा है कि हाल के राज्य विधानसभा चुनाव में हिंदुत्व के मुद्दे ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और जवाबी ध्रुवीकरण से ‘महायुति’ गठबंधन को बड़ी जीत हासिल करने में मदद मिली।

बृहस्पतिवार को तीसरी बार महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने वाले फडणवीस ने एबीपी न्यूज चैनल को दिए साक्षात्कार में कहा कि हिंदुत्व और विकास एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का हिंदुत्व जीवन जीने का एक तरीका है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विपक्षी गठबंधन महा विकास आघाडी (एमवीए) का (इस्लामी विद्वान) सज्जाद नोमानी जैसे लोगों के साथ एक समझौता था, जिसमें 2012 से मुसलमानों के खिलाफ दर्ज दंगों के मामलों को वापस लेने पर सहमति हुई थी।

चुनाव प्रचार के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘‘बँटेंगे तो कटेंगे’’ का नारा दिया था। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘‘एक हैं, तो सेफ हैं’’ का नारा दिया था।

चुनाव प्रचार के दौरान, फडणवीस ने नोमानी द्वारा महायुति सरकार के खिलाफ ‘‘वोट-जिहाद’’ की कथित अपील किए जाने का जवाब ‘‘वोटों के धर्म-युद्ध’’ की वकालत करके दिया था।

फडणवीस ने कहा, ‘‘मतदान प्रतिशत में वृद्धि हुई, क्योंकि कांग्रेस ने हिंदुओं को दबाने की कोशिश की। जब आप किसी को दबाने की कोशिश करते हैं, तो वे मजबूती से उठते हैं। हिंदुत्व ने एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और जवाबी ध्रुवीकरण ने ‘महायुति’ गठबंधन की मदद की। हमारी विकास योजनाओं और हिंदुत्व ने काम किया। हिंदुत्व और विकास एक ही सिक्के के दो पहलू हैं।”

इस साल के विधानसभा चुनाव में 66.05 प्रतिशत मतदान हुआ, जो 2019 में 61.1 प्रतिशत था।

फडणवीस ने कहा, ‘‘भाजपा का हिंदुत्व जीवन जीने का एक तरीका है और यह धार्मिक रीति-रिवाजों से संबंधित नहीं है। मुसलमानों के विभिन्न धार्मिक रीति-रिवाज हैं। किसी को भी हिंदुत्व के बारे में संकीर्ण सोच नहीं रखनी चाहिए।’’

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने कार्यों से दिखाया है कि समावेशी हिंदुत्व क्या है।

फडणवीस ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर स्पष्ट रूप से निशाना साधते हुए कहा, ‘‘जो लोग मुस्लिम वोट खोने के डर से मंदिरों में जाने से डरते थे, वे अब बार-बार मंदिरों में जा रहे हैं।’’

मुख्यमंत्री के रूप में फडणवीस के अलावा, शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के अध्यक्ष अजित पवार ने उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।

मंत्रिपरिषद विस्तार पर फडणवीस ने कहा कि यह 16 दिसंबर से पहले हो जाना चाहिए, जब राज्य विधानमंडल का शीतकालीन सत्र नागपुर में शुरू होगा।

उन्होंने कहा, ‘‘तीन दल हैं और उनमें से प्रत्येक को उचित सम्मान दिया जाएगा। विभाग आवंटन पर चर्चा जारी है।’’

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मैं सभी राजनीतिक नेताओं के साथ संवाद स्थापित करने की कोशिश करूंगा, जो 2019 से बंद है।’’

‘महायुति’ गठबंधन ने महाराष्ट्र की कुल 288 विधानसभा सीट में से 230 सीट पर जीत हासिल की। ​​भाजपा को 132 सीट, शिवसेना को 57 और राकांपा को 41 सीट मिलीं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Dec 06, 2024 04:58 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).