देश की खबरें | एआईएमआईएम के टिकट पर खरगोन की पार्षद बनीं हिंदू महिला ने कहा, वह सद्भाव के लिए काम करेंगी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मध्य प्रदेश के खरगोन नगर पालिका में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) की टिकट पर पार्षद चुनाव जीतने वाली अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग की हिंदू महिला ने कहा कि सांप्रदायिक सद्भाव को बढ़ावा देना उनकी प्राथमिकता है।
खरगोन, 21 जुलाई मध्य प्रदेश के खरगोन नगर पालिका में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) की टिकट पर पार्षद चुनाव जीतने वाली अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग की हिंदू महिला ने कहा कि सांप्रदायिक सद्भाव को बढ़ावा देना उनकी प्राथमिकता है।
विजयी उम्मीदवार अरुणा श्यामा उपाध्याय (36) ने कहा कि हालांकि वह इस साल की शुरुआत में खरगोन में हुए सांप्रदायिक दंगों से आहत थीं, लेकिन उनकी जीत ने अब उन्हें खुश कर दिया है क्योंकि यह ‘‘ भाईचारे और इंसानियत ’’ की जीत है।
खरगोन शहर में इस साल 10 अप्रैल को रामनवमी के अवसर पर निकाले गए जुलूस के दौरान समूहों के झड़पों के बाद सांप्रदायिक दंगे हुए थे।
असदुद्दीन ओवैसी के नेतृत्व वाली एआईएमआईएम अल्पसंख्यक समुदाय के मुद्दों को उठाने के लिए जानी जाती है।
पार्टी ने खरगोन नगर परिषद की कुल 33 सीटों में से सात पर चुनाव लड़ा और उनमें से तीन पर जीत हासिल की। उपाध्याय ने पार्टी के टिकट पर हाल ही में एससी वर्ग की महिला उम्मीदवारों के लिए आरक्षित वार्ड नंबर दो से स्थानीय निकाय का चुनाव लड़ा था। चुनाव के नतीजे बुधवार को घोषित किए गए।
12 वीं कक्षा तक शिक्षित उपाध्याय ने कहा, ‘‘ यह भाईचारे और मानवता की जीत है। मैंने धार्मिक आधार पर चुनाव नहीं लड़ा बल्कि इंसानियत के लिए लड़ा और मैं इंसानियत के लिए काम करुंगी।’’
उन्होंने कहा कि सांप्रदायिक सौहार्द्र को बढ़ावा देना उनकी प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा, ‘‘ 10 अप्रैल को खरगोन में हुए सांप्रदायिक दंगों से मैं बहुत आहत थी और इसलिए मैंने अब लोगों के बीच सद्भाव को बढ़ावा देने के लिए काम करने का फैसला किया है।’’
उपाध्याय ने कहा कि उन्होंने पार्टी प्रमुख ओवैसी के विचारों से प्रभावित होकर एआईएमआईएम के टिकट पर चुनाव लड़ा, क्योंकि वह देश के संविधान और समानता के बारे में बात करते हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘ वह डॉ. बाबा साहेब अम्बेडकर और संविधान के बारे में बात करते हैं और मैं भी दलित समुदाय से हूं...अब समाज सेवा और मेरे वार्ड का विकास मेरी प्राथमिकता होगी। मेरे पति ने मुझे चुनाव लड़ने के लिए प्रेरित किया, ताकि मैं जरूरतमंदों की सेवा कर सकूं और उन्हें कई बुनियादी और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।’’
चुनाव में उपाध्याय को कुल 643 मत मिले। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उम्मीदवार संगीता गंगेले को 31 मतों के मामूली अंतर से पराजित किया।
खरगोन नगर पालिका की 33 सदस्यीय निकाय में भाजपा ने 18, कांग्रेस ने चार, निर्दलीय उम्मीदवारों ने आठ और एआईएमआईएम ने तीन सीटें जीती हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 21, 2022 08:44 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

