देश की खबरें | हिमाचल : चंबा में वाहन नदी में गिरा, सात लोगों की मौत चार अन्य घायल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. चंबा जिले में शुक्रवार को भूस्खलन के बाद एक वाहन के सिउल नदी में गिर जाने से उसमें सवार सात लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
शिमला, 11 अगस्त चंबा जिले में शुक्रवार को भूस्खलन के बाद एक वाहन के सिउल नदी में गिर जाने से उसमें सवार सात लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दुर्घटना के संबंध में उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
अधिकारियों के मुताबिक, बैरागढ़ से तिस्सा की ओर जा रहे वाहन में 11 लोग सवार थे। दुर्घटना चंबा जिले के चौराह इलाके में तरवाई पुल के समीप हुई।
पुलिस ने बताया कि एक बड़ा पत्थर वाहन के ऊपर आ गिरा, जिसकी वजह से उसका संतुलन बिगड़ गया और वाहन फिसलकर नदी में जा गिरा।
पुलिस के मुताबिक, मृतकों में छह पुलिसकर्मी भी शामिल हैं, जो चंबा सीमा पर तैनात द्वितीय भारतीय रिजर्व बटालियन का हिस्सा थे। उनकी पहचान राकेश गोरा, प्रवीण टंडन, कमलजीत, सचिन, अभिषेक और लक्ष्य कुमार के रूप में हुई है जबकि सातवां मृतक चंद्ररू राम स्थानीय निवासी था।
घटना पर शोक प्रकट करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मृतकों के परिजन को तुरंत मुआवजा राशि देने और घायलों का बेहतर इलाज करवाने के लिए जिला प्राधिकारियों को निर्देश दिया।
इस बीच चौराह से भाजपा विधायक हंसराज ने कहा कि कड़े प्रयासों के साथ इस मार्ग को उन्होंने बंद करवाया था क्योंकि यह यात्रा के लिए सुरक्षित नहीं है लेकिन मौजूदा सरकार ने इस इलाके में बार-बार भूस्खलन होने की बात मालूम होने के बावजूद मार्ग को फिर से खोल दिया।
यहां जारी एक बयान के मुताबिक, पार्टी की राज्य इकाई के उपाध्यक्ष राज ने दुर्घटना के संबंध में उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
उन्होंने कहा कि जिस लोक निर्माण विभाग अधिकारी की वजह से इतनी जानें गईं उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 11, 2023 07:10 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

