देश की खबरें | हिमाचल : वीरभद्र सिंह की अंत्येष्टि शनिवार को रामपुर में होगी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की अंत्येष्टि यहां रामपुर में शनिवार को होगी। उनके परिवार के प्रवक्ता ने यह जानकारी दी।

शिमला, आठ जुलाई हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की अंत्येष्टि यहां रामपुर में शनिवार को होगी। उनके परिवार के प्रवक्ता ने यह जानकारी दी।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता वीरभद्र सिंह का लंबी बीमारी के बाद बृहस्पतिवार को तड़के यहां निधन हो गया। वह 87 वर्ष के थे। इंदिरा गांधी चिकित्सा कॉलेज और अस्पताल (आईजीएमसी) के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर जनक राज ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री ने तड़के 3.40 बजे अस्पताल में अंतिम सांस ली।

परिवार के प्रवक्ता यशवंत छाजटा ने बताया कि सिंह की अंत्येष्टि रामपुर में दस जुलाई को दोपहर तीन बजे होगी।

सिंह की पार्थिव देह को शिमला के उनके निजी आवास होली लॉज में रखा गया है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए माकपा विधायक राकेश सिंघा, कई अन्य नेता और हजारों समर्थक होली लॉज पहुंचे।

छाजटा ने बताया कि सिंह की पार्थिव देह को अंतिम दर्शन के लिए बृहस्पतिवार को पूरे दिन होली लॉज में रखा जाएगा। शुक्रवार को सुबह नौ बजे से साढ़े ग्यारह बजे तक जनता रिज मैदान में दिवंगत नेता के अंतिम दर्शन कर सकेगी। इसके बाद पार्थिव देह को शिमला में कार्ट रोड स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय ‘राजीव भवन’ ले जाया जाएगा जहां सुबह 11.40 से दोपहर एक बजे तक उनके दर्शन किए जा सकेंगे और उसके बाद दोपहर एक बजे सड़क मार्ग से रामपुर ले जाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि रामपुर के पदम पैलेस में सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक सिंह के अंतिम दर्शन हो सकेंगे तथा तीन बजे अंत्येष्टि होगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now