देश की खबरें | हिमाचल प्रदेश : मुस्लिम प्रतिनिधिमंडल ने महाराणा प्रताप की प्रतिमा लगाने पर अपनी आपत्ति वापस ली
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हिमाचल प्रदेश के सुजानपुर तीरा कस्बे में मुस्लिम समुदाय ने मस्जिद के बाहर महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापित करने को लेकर अपनी आपत्ति वापस ले ली है।
हमीरपुर, 20 फरवरी हिमाचल प्रदेश के सुजानपुर तीरा कस्बे में मुस्लिम समुदाय ने मस्जिद के बाहर महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापित करने को लेकर अपनी आपत्ति वापस ले ली है।
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी अजमेर ठाकुर ने बृहस्पतिवार को कहा कि मुस्लिम सुधार सभा ने प्रतिमा की स्थापना का समर्थन किया है और समुदाय के कुछ सदस्यों के प्रतिमा स्थापना समारोह में भाग लेने की भी उम्मीद है।
यह घटना मुस्लिम समुदाय के एक प्रतिनिधिमंडल द्वारा हमीरपुर प्रशासन को ज्ञापन सौंपने के दो दिन बाद हुई है, जिसमें वार्ड संख्या-4 में मस्जिद के बाहर बनाए जा रहे पार्क में महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापित न करने का अनुरोध किया गया था।
ज्ञापन पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए विश्व हिंदू परिषद ने प्रशासन से तय स्थान पर प्रतिमा स्थापित करने के अपने निर्णय से पीछे न हटने का आह्वान किया था। इस घटनाक्रम को लेकर कस्बे में तनाव के हालात बन गए और उपायुक्त ने उप-विभागीय मजिस्ट्रेट (एसडीएम) से इस मुद्दे पर गौर करने को कहा है।
ठाकुर ने कहा कि मुस्लिम सुधार सभा के प्रमुख निजामुद्दीन और समिति के सदस्य बुधवार को उनके कार्यालय आए थे और उन्होंने एक पत्र दिया, जिसमें कहा गया है कि ‘‘कई लोग प्रतिमा स्थापित करने के समर्थन में हैं।’’
समूह ने कहा कि वे पार्क में प्रतिमा स्थापित करने के कदम का स्वागत करते हैं। ठाकुर के अनुसार, समिति के प्रमुख ने कहा कि वह चाहते हैं कि दोनों समुदाय शांतिपूर्वक रहें। उन्होंने कहा कि समिति के सदस्यों ने यह भी कहा कि वे मूर्ति का विरोध करने वाली अर्जी वापस ले लेंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)