देश की खबरें | हिमाचल: पालमपुर में मंगलवार को 'आप' की तिरंगा यात्रा का नेतृत्व करेंगे केजरीवाल, मान

नयी दिल्ली, 10 जुलाई दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल इस सप्ताह हिमाचल प्रदेश का दौरा करेंगे और अपनी पार्टी की राज्य इकाई द्वारा पालमपुर में आयोजित तिरंगा यात्रा में हिस्सा लेंगे।

पार्टी ने रविवार को कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी मंगलवार को विधानसभा क्षेत्र में होने वाले कार्यक्रम में केजरीवाल के साथ शामिल होने के लिए राज्य का दौरा करेंगे। एक महीने के भीतर आप प्रमुख और मान का चुनावी राज्य का यह दूसरा दौरा होगा।

पार्टी ने एक बयान में कहा, ''आप के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल 12 जुलाई को पालमपुर में तिरंगा यात्रा में शामिल होने के लिए हिमाचल प्रदेश का दौरा करेंगे। पंजाब के मुख्यमंत्री मान भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।''

दिल्ली के मुख्यमंत्री और उनके पंजाब समकक्ष ने 11 जून को हिमाचल प्रदेश में शिक्षा की स्थिति पर विचार-विमर्श करने के लिए हमीरपुर जिले में आयोजित टाउन हॉल बैठक में भाग लिया था।

टाउन हॉल बैठक को संबोधित करते हुए, केजरीवाल और मान ने मतदाताओं से आगामी विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी (आप) को एक मौका देने का आग्रह किया था, जिसमें राज्य में शिक्षा और स्वास्थ्य प्रणाली को सुदृढ़ करने का वादा किया गया था। हिमाचल में वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार है।

केजरीवाल ने कहा था, ''अगर आप चाहते हैं कि हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले 8.5 लाख छात्रों का भविष्य उज्जवल हो, तो 'आप' को मौका दें।''

पहाड़ी राज्य में मतदाताओं को लुभाने के लिए पार्टी केजरीवाल के दिल्ली के शासन मॉडल का प्रदर्शन कर रही है।

आम आदमी पार्टी हिमाचल में ''ईमानदार सरकार'' बनाने और सत्ता में आने पर शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में बदलाव करने का वादा कर रही है।

आम आदमी पार्टी (आप) ने घोषणा की है कि वह राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव में सभी 68 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)