देश की खबरें | हिमाचलः कांग्रेस ने प्रदर्शन कर भाजपा विधायक नेहरिया के निलंबन, गिरफ्तारी की मांग की

धर्मशाला (हिमाचल प्रदेश), 26 जून कांग्रेस ने पत्नी को प्रताड़ित करने के आरोपों को लेकर हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक विशाल नेहरिया के खिलाफ शनिवार को यहां प्रदर्शन करते हुए उनके निलंबन की मांग की।

कांग्रेस ने इस मामले की उच्च स्तरीय जांच की भी मांग की है।

शादी के दो महीने बाद विधायक की पत्नी ओशिन शर्मा ने शुक्रवार को अपने पति के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और शारीरिक तथा मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। शर्मा ने सोशल मीडिया पर 11 मिनट का एक वीडियो भी जारी किया, जो कि वायरल हो गया।

हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा (एचपीएएस) की अधिकारी शर्मा ने आरोप लगाया है कि उनके पति ने कई बार उन्हें मानसिक एवं शारीरिक तौर पर प्रताड़ित किया।

कांगड़ा जिला ग्रामीण विकास एजेंसी (डीआरडीए) के नगरोटा सूरियान में शर्मा प्रखंड विकास अधिकारी के रूप में तैनात हैं। नेहरिया और शर्मा की शादी इस साल 26 अप्रैल को हुई थी।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि नेहरिया ने कांगड़ा के पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की और शनिवार को अपना बयान दर्ज कराया।

इस मामले में पूछे जाने पर भाजपा के प्रवक्ता रणधीर शर्मा ने कहा, ‘‘ इस मुद्दे का वीडियो वायरल हो चुका है। पुलिस में लिखित में शिकायत भी की गई है। पुलिस अब शिकायत के अनुसार कार्रवाई करेगी। सरकार इस विषय पर किसी तरह का दबाव नहीं डालने जा रही।’’

उन्होंने कहा, ‘‘यह घटना दुर्भाग्यपूर्ण है, ऐसा नहीं होना चाहिए था। यह एक पारिवारिक मामला है जो पति और पत्नी के बीच का है। पुलिस इस पर गंभीरता से कार्रवाई करेगी और सरकार किसी भी तरह का दबाव नहीं डालने जा रही। मैं आपको आश्वासन देता हूं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)