देश की खबरें | हिमाचल उपचुनाव : दोपहर बारह बजे तक सर्वाधिक 27 फीसदी मतदान जुब्बल-कोटखाई सीट पर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हिमाचल प्रदेश में चार सीटों पर उपचुनाव के लिए शनिवार को हो रहे मतदान में दोपहर बारह बजे तक सर्वाधिक 27 फीसदी मतदान जुब्बल-कोटखाई सीट पर जबकि सबसे कम 19 फीसदी मतदान मंडी सीट पर हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
शिमला, 30 अक्टूबर हिमाचल प्रदेश में चार सीटों पर उपचुनाव के लिए शनिवार को हो रहे मतदान में दोपहर बारह बजे तक सर्वाधिक 27 फीसदी मतदान जुब्बल-कोटखाई सीट पर जबकि सबसे कम 19 फीसदी मतदान मंडी सीट पर हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि मंडी लोकसभा सीट और अर्की, फतेहपुर तथा जुब्बल-कोटखाई विधानसभा सीटों के लिए मतदान शनिवार सुबह आठ बजे आरंभ हुआ था।
सुबह आठ बजे से दोपहर बारह बजे के बीच मंडी सीट पर 19.78 फीसदी मतदान हुआ। फतेहपुर, अर्की और जुब्बल-कोटखाई सीट पर क्रमश: 22.27, 24.02 और 27.85 फीसदी मतदान हुआ।
एक निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि शुरुआत में मतदान की गति धीमी रही लेकिन अब यह जोर पकड़ रहा है।
एक अधिकारी ने बताया कि उपचुनाव के लिए 2,484 मतदान केन्द्र तथा 312 सहायक मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। मंडी लोकसभा क्षेत्र में 12,99,756 मतदाता हैं, वहीं, फतेहपुर में 87,222, सोलन (अर्की) में 92,609 और जुब्बल-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में 70,965 पात्र मतदाता हैं।
इन चारों सीट पर उप चुनाव, मौजूदा सांसद और विधायकों के निधन के चलते कराए जा रहे हैं। इन सभी सीटों के लिए मतगणना दो नवंबर को की जाएगी।
मंडी लोकसभा सीट के लिए छह उम्मीदवार और तीन विधानसभा सीटों के लिए 12 उम्मीदवार मैदान में हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)