COVID-19 Update: फिर बढ़ रहा कोरोना का कहर, 24 घंटे में 2,47,417 नए मामले, 5488 ओमिक्रॉन से संक्रमित
भारत में कोरोना वायरस के, 236 दिनों में सबसे अधिक 2,47,417 नए मामले आए हैं जिनमें ओमीक्रोन स्वरूप के 5,488 मामले शामिल हैं. इसके साथ ही महामारी के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 3,63,17,927 हो गयी है.
नयी दिल्ली, 13 जनवरी : भारत में कोरोना वायरस के, 236 दिनों में सबसे अधिक 2,47,417 नए मामले आए हैं जिनमें ओमीक्रोन स्वरूप के 5,488 मामले शामिल हैं. इसके साथ ही महामारी के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 3,63,17,927 हो गयी है. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के बृहस्पतिवार को सुबह आठ बजे तक अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, देश में ओमीक्रोन स्वरूप के एक दिन में 620 मामले आए जो अब तक सर्वाधिक मामले हैं और इसी के साथ ही कोरोना वायरस के इस स्वरूप के मामले बढ़कर 5,488 हो गए हैं. इनमें से 2,162 लोग स्वस्थ हो गए या देश छोड़कर चले गए हैं. आंकड़ों के अनुसार, उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 11,17,531 हो गयी है जो 216 दिनों में सर्वाधिक है जबकि 380 मरीजों के जान गंवाने से मृतकों की संख्या बढ़कर 4,85,035 हो गयी है. महाराष्ट्र में ओमीक्रोन के सबसे अधिक 1,367 मामले आए. इसके बाद राजस्थान में 792, दिल्ली में 549, केरल में 486 और कर्नाटक में 479 मामले आए.
मंत्रालय के अनुसार, उपचाराधीन मरीजों की संख्या संक्रमण के कुल मामलों का 3.08 प्रतिशत है जबकि कोविड-19 से स्वस्थ होने वाले लोगों की राष्ट्रीय दर कम होकर 95.59 प्रतिशत हो गयी है. कोरोना वायरस के 21 मई को एक दिन में कुल 2,57,299 मामले आए थे. बीते 24 घंटों में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 1,62,212 की वृद्धि हुई. संक्रमण की दैनिक दर 13.11 फीसदी दर्ज की गयी जबकि साप्ताहिक संक्रमण दर 10.80 प्रतिशत दर्ज की गयी. इस बीमारी से उबरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 3,47,15,361 हो गयी है जबकि मृत्यु दर 1.34 प्रतिशत है. देशव्यापी कोविड-19 रोधी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक 154.61 करोड़ खुराकें दी जा चुकी है. देश में सात अगस्त 2020 को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और पांच सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी. संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे. यह भी पढ़ें : Omicron Variant: ओमिक्रॉन लहर के चलते अमेरिकी एयरलाइंस के लिए संकट में बढ़ोतरी- रिपोर्ट
देश में 19 दिसंबर 2020 को ये मामले एक करोड़ के पार हो गए थे. पिछले साल चार मई को संक्रमितों की संख्या दो करोड़ के पार और 23 जून 2021 को तीन करोड़ के पार पहुंच गई थी. आंकड़ों के मुताबिक, देश में जिन 380 लोगों ने जान गंवाई है उनमें से 199 ने केरल में और 40 लोगों ने दिल्ली में जान गंवाई. इस महामारी से अभी तक 4,85,035 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें से 1,41,701 लोगों की मौत महाराष्ट्र में, 50,076 की मौत केरल में, 38,389 की मौत कर्नाटक में, 36,905 की तमिलनाडु, 25,240 की दिल्ली, 22,940 की उत्तर प्रदेश और 19,959 लोगों की मौत पश्चिम बंगाल में हुई. स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि अभी तक जिन लोगों की कोरोना वायरस संक्रमण से मौत हुई है, उनमें से 70 प्रतिशत से ज्यादा मरीजों को अन्य बीमारियां भी थीं. मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट पर बताया कि उसके आंकड़ों का भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के आंकड़ों के साथ मिलान किया जा रहा है.
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 13, 2022 11:14 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

