एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | टमाटर की ऊंची कीमतों ने जुलाई में 11 प्रतिशत महंगी की शाकाहारी थाली

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. मासिक आधार पर टमाटर की कीमतों में उछाल आने से जुलाई के महीने में शाकाहारी थाली 11 प्रतिशत तक महंगी हो गई। एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है।

जरुरी जानकारी | टमाटर की ऊंची कीमतों ने जुलाई में 11 प्रतिशत महंगी की शाकाहारी थाली

मुंबई, छह अगस्त मासिक आधार पर टमाटर की कीमतों में उछाल आने से जुलाई के महीने में शाकाहारी थाली 11 प्रतिशत तक महंगी हो गई। एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है।

क्रिसिल मार्केट इंटेलिजेंस एंड एनालिसिस की मासिक 'रोटी चावल दर' रिपोर्ट के मुताबिक, जून 2024 की तुलना में जुलाई में मांसाहारी थाली भी छह प्रतिशत महंगी हो गई है।

रिपोर्ट कहती है कि रोटी, सब्जियां (प्याज, टमाटर और आलू), चावल, दाल, दही और सलाद वाली शाकाहारी थाली की कीमत जुलाई 2024 में 32.6 रुपये प्रति प्लेट थी जबकि जून 2024 में इसकी दर 29.4 रुपये प्रति प्लेट थी।

रिपोर्ट के मुताबिक, ‘‘जून की तुलना में जुलाई महीने में शाकाहारी थाली की कीमतों में 11 प्रतिशत की वृद्धि हुई। इसका मुख्य कारण टमाटर की कीमतों में उछाल आना था। इसका शाकाहारी थाली की कीमत बढ़ोतरी में सात प्रतिशत योगदान रहा।’’

मांसाहारी थाली की कीमत भी जुलाई के महीने में छह प्रतिशत बढ़कर 61.4 रुपये प्रति प्लेट हो गई जबकि जून में इसकी कीमत 58 रुपये प्रति प्लेट थी।

मांसाहारी थाली में अमूमन शाकाहारी थाली वाली सामग्री ही होती है लेकिन उसमें दाल की जगह चिकन होता है।

हालांकि, सालाना आधार पर शाकाहारी थाली के दाम जुलाई में चार प्रतिशत घट गए। इसका मुख्य कारण टमाटर की कीमतों का उच्च आधार प्रभाव था। जुलाई 2023 में शाकाहारी थाली का दाम 34.1 रुपये प्रति प्लेट था।

जुलाई 2024 में टमाटर की कीमत 66 रुपये प्रति किलोग्राम थी, जो जुलाई 2023 के 110 रुपये प्रति किलोग्राम से कम है। पिछले साल जुलाई में टमाटर की ऊंची कीमतों के लिए उत्तरी राज्यों में अचानक आई बाढ़ और कर्नाटक में कीटों का प्रकोप जिम्मेदार था।

हालांकि जुलाई 2024 में टमाटर की कीमत जून 2024 के 42 रुपये प्रति किलोग्राम से काफी अधिक रही। अधिक तापमान से कर्नाटक और आंध्र प्रदेश जैसे प्रमुख राज्यों में टमाटर की फसल पर असर पड़ा है।

हालांकि, जुलाई 2023 के मुकाबले प्याज की कीमतों में 65 प्रतिशत और आलू की कीमतों में 55 प्रतिशत की वृद्धि होने से शाकाहारी थाली की लागत में कुल कमी सिर्फ चार प्रतिशत तक सीमित रह गई।

मांसाहारी थाली के मामले में लागत एक साल पहले की तुलना में नौ प्रतिशत घटकर 61.4 रुपये प्रति थाली रह गई। मुख्य रूप से ब्रॉयलर (मुर्गे) की कीमतों में 11 प्रतिशत की गिरावट आने से ऐसा हुआ।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 06, 2024 07:22 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).