विदेश की खबरें | हांगकांग में भारी बारिश और बाढ़ के कारण दो लोगों की मौत
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

अधिकारियों ने बताया कि बारिश और बाढ़ में फंसे सैकड़ों लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है तथा हांगकांग के अलग-अलग इलाकों में दो लोगों की मौत की खबर है।

हांगकांग के अधिकारियों ने शुक्रवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि बारिश का सिलसिला कम से कम आधी रात तक जारी रह सकता है जिससे बाढ़ की समस्या उत्पन्न हो सकती है तथा कई जिलों में सार्वजनिक परिवहन में भारी व्यवधान हो सकता है।

हांगकांग ऑब्जर्वेटरी के एक अधिकारी ने बताया कि शहर में अब तक 600 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई है, जो यहां की औसत वार्षिक वर्षा का एक चौथाई है।

इसने कहा कि बृहस्पतिवार रात 11 बजे से आधी रात के बीच 158.1 मिमी (6.2 इंच) बारिश दर्ज की गई, जो बारिश के 1884 के रिकॉर्ड से अधिक है।

हांगकांग पुलिस ने कहा कि शहर के अलग-अलग हिस्सों में दो शव पानी में तैरते मिले। शहर के अग्निशमन सेवा विभाग ने कहा कि उसने 110 लोगों को सुरक्षित निकाला और 20 घायल लोगों की सहायता की है।

एरिक चैन नाम के अधिकारी ने कहा कि बारिश के पूर्वानुमान की तुलना "तूफान से नहीं की जा सकती।" उन्होंने कहा कि स्थिति से निपटने के लिए अलग-अलग विभाग दिन रात काम कर रहे हैं।

शहर में हुई मूसलाधार बारिश के बाद कई वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे हैं। एक वीडियो में हांगकांग और पास के गुआंग्डोंग प्रांत में सड़कों पर पानी भरा नजर आ आया जहां बचाव दल सड़कों पर नावों का उपयोग करते दिखे।

वहीं, एक अन्य वीडियो में भूमिगत स्टेशन में पानी भरा हुआ तथा स्टेशन की सीढ़ियों और एस्केलेटर पर पानी बहता दिखा। वहीं, दूसरे वीडियो में शहर की क्रॉस-हार्बर सुरंग सहित बाढ़ वाली सड़कों पर कीचड़ में फंसी कार दिखाई देती हैं।

भारी बारिश के कारण हांगकांग और शेनझेन में स्कूल बंद कर दिए गए हैं तथा गैर-आवश्यक सेवाओं से जुड़े कर्मचारियों से शुक्रवार को अपने कार्यस्थलों पर न जाने का आग्रह किया गया।

हांगकांग में अधिकतर बस सेवाएं रोक दी गई हैं तथा यहां का स्टॉक एक्सचेंज भी शुक्रवार को नहीं खुला।

सरकारी चैनल के मुताबिक, गुआंग्डोंग प्रांत के शहर मेइझोउ में जलभराव वाले इलाकों से 11,000 से अधिक लोगों को निकाला गया।

इसने कहा कि गुआंग्डोंग में ट्रेन और उड़ान सेवाएं निलंबित कर दी गईं तथा कई जगहों पर भूस्खलन के कारण सड़कें अवरुद्ध हो गईं।

बीजिंग ने शनिवार रात तक भारी बारिश का पूर्वानुमान व्यक्त करते हुए चीन की राजधानी के कई जिलों के लिए बाढ़ की चेतावनी जारी की है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)