Hurricane Ida: तूफान ‘इडा’ ने न्यूयार्क में मचाई तबाही, रिकॉर्ड तोड़ बारिश और बाढ़ से कम से कम 9 लोगों की मौत
तूफान इडा के प्रभाव से न्यूयॉर्क शहर में जबर्दस्त बारिश हुई और क्षेत्र में बाढ़ में कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई. साथ ही बाढ़ के पानी में वाहन डूब गए और घरों में पानी भर गया. बुधवार देर शाम न्यूयॉर्क शहर और प्रांत के बाकी हिस्सों में आपातकाल की स्थिति घोषित कर दी गई.
न्यूयार्क: तूफान इडा (Hurricane Ida) के प्रभाव से न्यूयॉर्क शहर (New York) में जबर्दस्त बारिश हुई और क्षेत्र में बाढ़ में कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई. साथ ही बाढ़ के पानी में वाहन डूब गए और घरों में पानी भर गया. बुधवार देर शाम न्यूयॉर्क शहर और प्रांत के बाकी हिस्सों में आपातकाल की स्थिति घोषित कर दी गई. अमेरिका: कमजोर पड़ा तूफान ‘इडा’, राहत अभियान शुरू
न्यूयॉर्क शहर और न्यू जर्सी में कम से कम नौ लोगों की मौत हुई है. न्यूयॉर्क शहर के पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि बाढ़ के बीच बेसमेंट में फंस जाने से कुल आठ लोगों की मौत हो गई.
न्यूयॉर्क के एफडीआर ड्राइव और ब्रोंक्स रिवर पार्कवे बुधवार देर शाम तक जलमग्न थे. सबवे स्टेशनों और पटरियों पर बाढ़ का इतना पानी आ गया कि मेट्रोपॉलिटन ट्रांसपोर्टेशन अथॉरिटी ने सभी सेवाओं को निलंबित कर दिया. ऑनलाइन पोस्ट किए गए वीडियो में मेट्रो सवार पानी से भरी कोच में सीटों पर खड़े दिखाई दे रहे हैं.
अन्य वीडियो में दिखा कि शहर और उसके आस-पास प्रमुख सड़कों पर वाहन अपनी खिड़कियों तक डूबे हुए हैं और सड़कों पर कचरा बह रहा है.
न्यूयॉर्क के मेयर बिल डी ब्लासियो ने बुधवार देर रात न्यूयॉर्क शहर में आपातकाल की स्थिति की घोषणा करते हुए कहा, ‘‘हम आज रात शहर में रिकॉर्ड तोड़ बारिश, भयंकर बाढ़ और सड़कों पर खतरनाक परिस्थितियों के साथ एक ऐतिहासिक मौसम की घटना का सामना कर रहे हैं.’’ गवर्नर कैथी होचुल ने भी न्यूयॉर्क प्रांत के लिए आपातकाल की स्थिति घोषित की.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 02, 2021 09:03 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

