एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | मुंबई में भारी बारिश, लोगों ने जलभराव की शिकायत की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मुंबई में बृहस्पतिवार तड़के से जारी भारी बारिश के कारण शहर के कुछ हिस्सों में जलभराव हो गया।

देश की खबरें | मुंबई में भारी बारिश, लोगों ने जलभराव की शिकायत की

मुंबई, 18 जुलाई मुंबई में बृहस्पतिवार तड़के से जारी भारी बारिश के कारण शहर के कुछ हिस्सों में जलभराव हो गया।

स्थानीय लोगों ने गांधी मार्केट, दादर, हिंदमाता, परेल, अंधेरी सबवे और सायन जैसे निचले इलाकों में जलभराव की शिकायत की, जिससे यातायात धीमा पड़ गया।

हालांकि, बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के प्रवक्ता ने कहा कि जलभराव की कोई सूचना नहीं है।

पश्चिमी रेलवे और मध्य रेलवे ने कहा कि लोकल ट्रेन का संचालन सामान्य रूप से हो रहा है। लेकिन कुछ यात्रियों ने दावा किया कि मध्य रेलवे की ट्रेन सेवाएं 10 से 15 मिनट की देरी से चल रही हैं।

बृहन्मुंबई विद्युत आपूर्ति एवं परिवहन (बेस्ट) के एक प्रवक्ता ने बताया कि बारिश के कारण शहर और उपनगरों में कहीं भी बस मार्ग में परिवर्तन नहीं किया गया है।

अधिकारियों के मुताबिक, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मुंबई में मध्यम से भारी बारिश होने का अनुमान जताया है। उन्होंने बताया कि अरब सागर में सुबह 10.03 बजे 3.78 मीटर और रात 9.35 बजे 3.23 मीटर ऊंची लहरें उठेंगी।

एक उपयोगकर्ता ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘दादर स्टेशन, परेल, हिंदमाता में इस समय पानी भरा हुआ है। कृपया संभलकर यात्रा करें। पूर्व से पश्चिम (दादर, प्रभादेवी, लोअर परेल) मार्ग पर सभी पुल पर जाम लगा हुआ है। बोरीवली या ठाणे से मुंबई की यात्रा करने वाले लोग कृपया ध्यान रखें।’’

पिछले दो-तीन दिन हल्की बारिश के बाद बुधवार शाम से बारिश तेज हो गई और उपनगरों की तुलना में मुंबई में अधिक पानी बरसा।

नगर निगम के एक अधिकारी ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे समाप्त हुई 24 घंटे की अवधि में द्वीपीय शहर में औसतन 83 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि पूर्वी भागों में 45 मिलीमीटर और पश्चिमी क्षेत्रों में 39 मिलीमीटर पानी बरसा।

आईएमडी ने बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे से अगले 24 घंटे के लिए पूर्वानुमान जारी करते हुए कहा, ‘‘मुंबई और उपनगरों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 18, 2024 11:32 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).