एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | गुजरात के कई हिस्सों में भारी बारिश, जूनागढ़ के विसावदर तालुका में 24 घंटे में 398 मिमी बारिश हुई

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. गुजरात के कई हिस्सों में पिछले 24 घंटों में भारी बारिश हुई, जिससे शहरों और गांवों के निचले इलाकों में पानी भर गया और बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

देश की खबरें | गुजरात के कई हिस्सों में भारी बारिश, जूनागढ़ के विसावदर तालुका में 24 घंटे में 398 मिमी बारिश हुई

अहमदाबाद, एक जुलाई गुजरात के कई हिस्सों में पिछले 24 घंटों में भारी बारिश हुई, जिससे शहरों और गांवों के निचले इलाकों में पानी भर गया और बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने कहा कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम को कच्छ, जामनगर, जूनागढ़ और नवसारी में तैनात किया गया है, जो सबसे अधिक प्रभावित जिलों में से हैं।

अधिकारियों के अनुसार सौराष्ट्र-कच्छ और दक्षिण गुजरात क्षेत्रों के कई जिलों में मूसलाधार बारिश हुई, जिससे निचले इलाकों में जलभराव हो गया और कई गांव जलमग्न हो गए।

उन्होंने बताया कि अहमदाबाद शहर के भी कई इलाकों में पानी भर गया, जिससे भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई और यात्रियों को असुविधा हुई।

अधिकारियों ने कहा कि भारी बारिश के कारण कच्छ स्थित गांधीधाम रेलवे स्टेशन जलमग्न हो गया, जबकि जूनागढ़, जामनगर, कच्छ, वलसाड, नवसारी, मेहसाणा और सूरत में कई गांव और कस्बे बाढ़ की चपेट में आ गए।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) के अनुसार जूनागढ़ जिले के विसावदर तालुका में शनिवार सुबह छह बजे समाप्त हुए 24 घंटे की अवधि में 398 मिमी बारिश हुई।

एसईओसी के मुताबिक जामनगर जिले के जामनगर तालुका में 269 मिमी बारिश हुई जबकि वलसाड के कपराडा में 247 मिमी, कच्छ के अंजार में 239 मिमी, नवसारी के खेरगाम में 222 मिमी बारिश हुई और ये जिले सबसे अधिक प्रभावित रहे।

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने शुक्रवार रात गांधीनगर में एसईओसी में अधिकारियों के साथ एक आपात बैठक की और उन्हें निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को निकालने सहित बचाव और राहत कार्यों पर ध्यान केंद्रित करने का निर्देश दिया।

राज्य सरकार की ओर से जारी एक विज्ञप्ति के मुताबिक भूपेन्द्र पटेल ने जूनागढ़ और कच्छ के जिलाधिकारियों से बात की, जिन्होंने उन्हें बारिश की स्थिति के बारे में जानकारी दी।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अनुमान जताया है कि शनिवार को राज्य में बारिश की तीव्रता कम हो जाएगी और रविवार तक स्थिति सामान्य होने लगेगी।

हालांकि, विभाग ने रविवार सुबह तक उत्तर और दक्षिण गुजरात तथा सौराष्ट्र के जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी दी है।

आईएमडी ने यह भी कहा कि बुधवार सुबह तक राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 01, 2023 04:34 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).