देश की खबरें | झारखंड में भारी बारिश, सामान्य जनजीवन प्रभावित
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. झारखंड की राजधानी रांची समेत राज्य के कुछ हिस्सों में लगातार बारिश से सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। शनिवार शाम से कई इलाकों में भारी बारिश हुई, जो रविवार को भी जारी रहने से निचले इलाकों में पानी भर गया।
रांची/रामगढ़ (झारखंड),एक अक्टूबर झारखंड की राजधानी रांची समेत राज्य के कुछ हिस्सों में लगातार बारिश से सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। शनिवार शाम से कई इलाकों में भारी बारिश हुई, जो रविवार को भी जारी रहने से निचले इलाकों में पानी भर गया।
एक मौसम अधिकारी ने बताया कि रांची में शनिवार सुबह साढ़े 8 बजे से रविवार शाम साढ़े पांच बजे के बीच 70 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
करम टोली चौक, रिम्स व कोकर रोड और कांके रोड समेत रांची के कई हिस्सों में यातायात बाधित हुआ और भारी बारिश के कारण कई सड़कें जलमग्न हो गईं।
रांची मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी अभिषेक आनंद ने कहा, “निम्न दबाव प्रणाली के कारण राज्य में व्यापक वर्षा हुई। निम्न दाब क्षेत्र फिलहाल पश्चिम बंगाल के पश्चिमी हिस्सों और झारखंड के आसपास के इलाकों में है। अगले 24 घंटों में इसके धीरे-धीरे उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने का अनुमान है।”
उन्होंने कहा कि इस भारी बारिश को मानसूनी बारिश नहीं माना जाएगा क्योंकि झारखंड में चार महीने लंबे मानसून सीजन के दौरान बारिश की मात्रा निर्धारित करने की प्रक्रिया शनिवार को समाप्त हो गई । राज्य में 26 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई।
उन्होंने कहा कि व्यापक बारिश से झारखंड में भूमिगत जल स्तर को बढ़ाने में मदद मिलेगी। रविवार को राज्य में 25 मिलीमीटर बारिश हुई।
शनिवार सुबह साढ़े 8 बजे से रविवार सुबह साढ़े 8 बजे तक राज्य में सबसे अधिक 113 मिलीमीटर बारिश बोकारो जिले के तेनुघाट में दर्ज की गई। इसके बाद गिरिडीह जिले के नंदाडीह में 93.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को रांची, रामगढ़, गुमला, लोहरदगा और हज़ारीबाग जिलों के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी वर्षा हुई।
आनंद ने कहा कि झारखंड में चार अक्टूबर तक बारिश जारी रहने का अनुमान है।
उन्होंने कहा कि लोहरदगा, गुमला और सिमडेगा के कुछ हिस्सों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है, जहां दो अक्टूबर को भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 01, 2023 09:02 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

