एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | हिमाचल में कई स्थानों पर भारी बारिश, 85 सड़कें बंद

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हिमाचल प्रदेश में कई स्थानों पर भारी बारिश होने के बाद 85 सड़कें यातायात के लिए बंद कर दी गईं।

देश की खबरें | हिमाचल में कई स्थानों पर भारी बारिश, 85 सड़कें बंद

शिमला/ मंडी, चार जुलाई हिमाचल प्रदेश में कई स्थानों पर भारी बारिश होने के बाद 85 सड़कें यातायात के लिए बंद कर दी गईं।

मौसम विभाग के शिमला कार्यालय ने बृहस्पतिवार को ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया और शुक्रवार तक अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने, कुछ स्थानों पर बिजली गरजने और मंडी, सिरमौर व शिमला जिलों के कुछ इलाकों में अचानक बाढ़ आने की चेतावनी दी।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, बारिश के कारण मंडी में 59, शिमला में 21 और कांगड़ा में एक सड़क समेत 85 सड़कें यातायात के लिए बंद कर दी गईं। राज्य में 17 ट्रांसफार्मर भी प्रभावित हुए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि चंडीगढ़-मनाली चार लेन वाली सड़क का एक हिस्सा मंडी से पंडोह के बीच धंस गया, जिसके कारण केवल एक तरफ यातायात की अनुमति दी गई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि लाखों रुपए खर्च करके ‘रिटेनिंग वाल’ (चट्टानों अथवा बड़े पत्थरों को गिरने से रोकने के लिए) बनाई गई थी, लेकिन अब यह धंसने लगी है और करीब दो फुट नीचे चली गई है। लोग इसके निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठा रहे हैं।

परियोजना प्रबंधक राज शेखर ने बताया कि तारकोल बिछाने का काम युद्ध स्तर पर जारी है।

मौसम विभाग ने कहा कि मानसूनी गतिविधियां तेज होने की संभावना है तथा अगले दो-तीन दिन में ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, चंबा, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने 6 और 7 जुलाई को भारी बारिश होने का अनुमान जताते हुए 'येलो' अलर्ट भी जारी किया है तथा तेज हवाओं व बारिश के कारण बागानों, बागवानी और फसलों को नुकसान होने की आशंका जतायी है। इसके साथ ही कमजोर संरचनाओं, कच्चे मकानों और झोपड़ियों को नुकसान होने, यातायात प्रभावित होने और निचले इलाकों में जलभराव की भी चेतावनी दी गई है।

बुधवार शाम से अब तक सुंदरनगर में 119 मिलीमीटर (मिमी) बारिश हुई है, जो राज्य में सबसे अधिक है।

इस दौरान पालमपुर में 109.4 मिमी, शिमला में 90.6 मिमी, गोहर में 80 मिमी, सोलन में 79.8 मिमी, मशोबरा में 78.5 मिमी, जोगिंद्रनगर में 75 मिमी, बैजनाथ में 70 मिमी, मंडी में 68.2 मिमी, कुफरी में 59.2 मिमी, कांगड़ा में 49.2 मिमी और नारकंडा में 48.5 मिमी बारिश हुई।

बुधवार को, शिमला जिले के नारकंडा में सबसे कम न्यूनतम तापमान (13.4 डिग्री सेल्सियस) दर्ज किया गया जबकि ऊना सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 04, 2024 07:38 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).