एजेंसी न्यूज

छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य सचिव ने नियमित स्वास्थ्य सेवा के लिए जिलाधिकारियों को पत्र लिखा

सचिव ने इसके लिए राज्य के सभी जिलों के जिलाधिकारियों को पत्र लिखा है।

छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य सचिव ने नियमित स्वास्थ्य सेवा के लिए जिलाधिकारियों को पत्र लिखा
जमात

रायपुर, दो मई छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य सचिव ने निर्देश दिया है कि कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम के दौरान राज्य में अन्य रोगों के लिए नियमित स्वास्थ्य सेवा बाधित न हो।

सचिव ने इसके लिए राज्य के सभी जिलों के जिलाधिकारियों को पत्र लिखा है।

राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों ने शनिवार को यहां बताया कि राज्य की स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की सचिव निहारिका बारिक सिंह ने सभी जिलाधिकारियों को पत्र लिखकर कहा है कि छत्तीसगढ़ शासन ने कोरोना वायरस (कोविड-19) को राज्य में संक्रामक रोग घोषित किया है।

वर्तमान में कोविड-19 के संक्रमण को देखते हुए उसके रोकथाम, बचाव और प्रबंधन के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी परिप्रेक्ष्य में राज्य और जिला स्तर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकांश चिकित्सकों और अन्य कर्मचारियों की ड्यूटी लगायी गयी है।

सिंह ने पत्र में कहा है कि जिलों में पृथकवास केंद्रों के संचालन और क्रियान्वयन जिला प्रशासन द्वारा स्वास्थ्य विभाग से जारी दिशानिर्देशों का अनुपालन करते हुए किया जाए।

उन्होंने कहा है कि कोविड-19 के संक्रमण को रोकने और बचाव कार्य में स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्राथमिकता दिए जाने से अन्य स्वास्थ्य गतिविधियों जैसे मातृत्व और शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, संस्थागत प्रसव, अन्य संचारी रोगों- टी.बी. कार्यक्रम, एड्स नियंत्रण कार्यक्रम, गैर संचारी रोगों की रोकथाम, डायलिसीस सेवा, स्वैच्छिक रक्तदान, आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं और अन्य महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं, जो उचित नहीं है।

स्वास्थ्य विभाग की सचिव ने कहा है कि इसलिए पृथकवास केंद्र में चिकित्सकों तथा अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सेवा प्रदान करने वाले कर्मचारी की पूर्णकालिक ड्यूटी नहीं लगायी जाए जिससे अन्य स्वास्थ्य सेवाएं (कोविड-19 को छोड़कर) भी साथ-साथ चलती रहे।

उन्होंने कहा है कि कोविड-19 के लिए पृथकवास केंद्रों में चिकित्सकों के दौरे के लिए समय निर्धारित किया जाए। आवश्यकतानुसार आकस्मिक परिस्थिति में चिकित्सकों की डयूटी लगायी जाए जिससे बाकी समय वे अन्य स्वास्थ्य गतिविधियों में दे सकें।

छत्तीसगढ़ में अभी तक 43 लोगों में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई है। जिनमें से 36 लोगों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

राज्य शासन से मिली जानकारी के अनुसार राज्य में 145 पृथकवास केंद्र बनाया गया है, जिनकी क्षमता 2,718 लोगों की है। यहां 575 लोगों को रखा गया है। वहीं 17,634 लोगों को घर में ही पृथक रख गया है। यह ऐसे लोग हैं जिन्होंने विदेश यात्रा की थी या प्रभावित राज्यों का दौरा किया था।

संजीव

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 02, 2020 03:36 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).