एजेंसी न्यूज

दिल्ली अल्पसंख्यक आयोग के प्रमुख ने अपने विवादित पोस्ट के लिए माफी मांगी

खान ने कहा कि देश जब एक आपात स्थिति का सामना कर रहा है तो उस समय उनकी ओर से किया गया एक ट्वीट ‘गलत समय पर’ था और ‘असंवेदनशील’ था।

दिल्ली अल्पसंख्यक आयोग के प्रमुख ने अपने विवादित पोस्ट के लिए माफी मांगी
जमात

नयी दिल्ली, एक मई दिल्ली अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष जफरूल इस्लाम खान ने सोशल मीडिया में की गयी अपनी एक विवादित टिप्पणी के लिए शुक्रवार को माफी मांग ली।

खान ने कहा कि देश जब एक आपात स्थिति का सामना कर रहा है तो उस समय उनकी ओर से किया गया एक ट्वीट ‘गलत समय पर’ था और ‘असंवेदनशील’ था।

खान गत मंगलवार को अपने उस ट्वीट को लेकर विवादों में घिर गए थे जिसमें उन्होंने देश में मुसलमानों के कथित उत्पीड़न का दावा किया था।

उन्होंने एक बयान में कहा, ‘‘मुझे यह अहसास हुआ कि जब देश चिकित्सीय आपातकाल की स्थिति का सामना कर रहा है और एक अदृश्य शत्रु से लड़ रहा है तो ऐसे में मेरा ट्वीट गलत समय पर और असंवेदनशील था। मैं उन सभी लोगों से माफी मांगता हूं जिनकी भावनाएं आहत हुई हैं।’’

खान ने 28 अप्रैल के अपने ट्वीट में कुवैत को भारतीय मुसलमानों के साथ खड़ा रहने को लेकर धन्यवाद दिया था।

उन्होंने आरोप लगाया कि मीडिया के एक धड़े ने उनके ट्वीट को तोड़-मरोड़कर पेश किया।

खान के मुताबिक उन्होंने एक चैनल को कानूनी नोटिस भी भेजा है।

गौरतलब है कि इस मुद्दे पर दिल्ली भाजपा के विधायकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने बृहस्पतिवार को उपराज्यपाल अनिल बैजल से भेंट की थी और खान को पद से हटाने की मांग की थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 01, 2020 09:02 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).