खेल की खबरें | मां के अस्पताल में भर्ती होने के बाद स्वदेश लौटे मुख्य कोच गंभीर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर शुक्रवार को स्वदेश लौट आये क्योंकि उनकी मां सीमा गंभीर को स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थिति के कारण अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के एक सूत्र ने पीटीआई को यह जानकारी दी।
बेकेनहैम (ब्रिटेन), 13 जून भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर शुक्रवार को स्वदेश लौट आये क्योंकि उनकी मां सीमा गंभीर को स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थिति के कारण अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के एक सूत्र ने पीटीआई को यह जानकारी दी।
सूत्र ने बताया कि गंभीर को अपनी मां को देखने के लिए वापस लौटना पड़ा, जिन्हें दिल का दौरा पड़ा है और वह इस समय नयी दिल्ली के एक अस्पताल में गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) में भर्ती हैं।
शुभमन गिल की अगुआई वाली भारतीय टेस्ट टीम 20 जून से लीड्स में इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की श्रृंखला खेलने के लिए अभी ब्रिटेन में है।
सूत्र ने कहा, ‘‘गौतम की मां को बुधवार को दिल का दौरा पड़ा था। वह और उनका परिवार गुरुवार को भारत के लिए रवाना हुए और वे दिल्ली पहुंच गए हैं।’’
गंभीर की अनुपस्थिति में सहायक कोच रेयान टेन डोएशे भारत और भारत ए के बीच शुक्रवार से शुरू होने वाले चार दिवसीय अभ्यास मैच के दौरान मुख्य कोच की जिम्मेदारी संभालेंगे।
उन्हें गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल और बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक जैसे अन्य कोचिंग स्टाफ से सहायता मिलेगी।
अगर गंभीर के घर पर सब कुछ ठीक रहा तो उनके एक सप्ताह के भीतर इंग्लैंड लौटने की उम्मीद है।
बीसीसीआई के सूत्र ने कहा, ‘‘उनकी मां की स्थिति में सुधार दिख रहा है हालांकि वह अभी आईसीयू में हैं। पूरी संभावना है कि अगर सब कुछ ठीक रहा तो वह शुरुआती टेस्ट (20 जून से शुरू होने वाला) से पहले वापस ब्रिटेन आ जाएंगे।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 13, 2025 05:46 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

