नयी दिल्ली, 20 जुलाई बिजली उपकरण बनाने वाली कंपनी हैवेल्स इंडिया लिमिटेड का एकीकृत शुद्ध लाभ जून तिमाही में 3.13 प्रतिशत बढ़कर 243.16 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। जिंस कीमतों में उतार-चढ़ाव की वजह से कंपनी का मुनाफा प्रभावित हुआ है।
कंपनी ने वित्त वर्ष 2021-22 की अप्रैल-जून तिमाही में एकीकृत आधार पर 235.78 करोड़ रुपये शुद्ध लाभ कमाया था।
हैवेल्स इंडिया ने बुधवार को शेयर बाजारों को भेजी सूचना में कहा कि आलोच्य तिमाही के दौरान उसकी परिचालन आय 62.62 प्रतिशत की बढ़त के साथ 4,244.46 करोड़ रुपये पर पहुंच गई। इससे पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में यह 2,609.97 करोड़ रुपये रही था।
हैवेल्स इंडिया के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक अनिल राय गुप्ता ने कहा कि कंपनी ने वित्त वर्ष 2022-23 की पहली तिमाही में ‘मजबूत राजस्व वृद्धि’ हासिल की है।
हैवेल्स का कुल खर्च तिमाही के दौरान 70.36 प्रतिशत बढ़कर 3,964.76 करोड़ रुपये हो गया। पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में यह 2,327.20 करोड़ रुपये रहा था।
तिमाही के दौरान लॉयड कंज्यूमर का राजस्व दोगुना होकर 1,093.79 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में यह 497.46 करोड़ रुपये रहा था। हैवेल्स ने 2017 में लॉयड कंज्यूमर का अधिग्रहण किया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY