देश की खबरें | हरियाणा 10,000 एकड़ क्षेत्र में विकसित करेगा दुनिया का सबसे बड़ा जंगल सफारी पार्क

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हरियाणा अरावली क्षेत्र में दुनिया का सबसे बड़ा जंगल सफारी पार्क (वन उद्यान) विकसित करेगा।

चंडीगढ़, 29 सितंबर हरियाणा अरावली क्षेत्र में दुनिया का सबसे बड़ा जंगल सफारी पार्क (वन उद्यान) विकसित करेगा।

राज्य सरकार ने बृहस्पतिवार को एक बयान में कहा कि यह सफारी पार्क गुरूग्राम और नूंह जिलों के 10,000 एकड़ क्षेत्र में फैला होगा। उसने कहा, ‘‘ यह परियोजना दुनिया में ऐसी सबसे बड़ी परियोजना होगी।’’

फिलहाल अफ्रीका के बाहर शारजाह में सबसे बड़ा सफारी पार्क है। यह करीब 2,000 एकड़ क्षेत्र में फैला है और उसका उद्घाटन फरवरी, 2022 में हुआ था।

सरकार ने बयान में कहा, ‘‘ प्रस्तावित अरावली पार्क आकार में इससे पांच गुणा से भी अधिक होगा और उसमें सरीसृप एवं उभयचर प्राणियों के स्थल, पक्षी पार्क, बाघ श्रेणी के प्राणियों के चार क्षेत्र, शाकाहार प्राणियों का विशाल क्षेत्र, जलीय जीव-जंतुओं का क्षेत्र, आंगुतक एवं पर्यटन क्षेत्र, प्राणी उद्यान, बायोमास, आदि होंगे। ’’

राज्य सरकार ने कहा कि केंद्रीय वन एवं पर्यावरण तथा जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव और हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर इस सिलसिले में शारजाह सफारी देखने गये थे।

खट्टर बुधवार को एक दिवसीय यात्रा पर दुबई पहुंचे थे। बृहस्पतिवार को लौटने के बाद खट्टर ने कहा कि हरियाणा के एनसीआर क्षेत्र में जंगल सफारी के विकास की प्रचुर संभावना है।

उन्होंने कहा कि जंगल सफारी योजना न केवल पर्यटन को बढ़ावा देगी बल्कि स्थानीय लोगों को रोजगार का अवसर भी उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा, ‘‘ हरियाणा में जंगल सफारी परियोजना पर्यावरण , वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रायल तथा हरियाणा सरकार की संयुक्त परियोजना होगी। केंद्र सरकार परियोजना के लिए हरियाणा को धन उपलब्ध कराएगी।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\