देश की खबरें | हरियाणा पुलिस ने लोगों को ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल होने से रोकने की कोशिश की: कांग्रेस
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि हरियाणा पुलिस ने लोगों को यहां ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल होने से रोकने की कोशिश की।
नूंह (हरियाणा), 22 दिसंबर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि हरियाणा पुलिस ने लोगों को यहां ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल होने से रोकने की कोशिश की।
उन्होंने उस गांव में बिजली नहीं होने का भी दावा किया, जहां एक दिन पहले यात्रा में शामिल लोगों ने विश्राम किया था।
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा ने रमेश के साथ मिलकर संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया। हुड्डा ने सरकारी कर्मचारियों को चेतावनी दी कि वे ‘‘राजनीतिक रूप से प्रेरित कृत्य’’ नहीं करें।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ हरियाणा चरण के दूसरे दिन बृहस्पतिवार को नूंह जिले के मलाब गांव से फिर से शुरू हुई। ‘भारत जोड़ो यात्रा’ बुधवार को राजस्थान से हरियाणा में दाखिल हुई थी।
कांग्रेस महासचिव एवं संचार प्रभारी रमेश ने कहा कि उन्हें सूचना मिली है कि हरियाणा पुलिस ने लोगों को बृहस्पतिवार सुबह यात्रा में शामिल होने से रोकने की कोशिश की।
उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर अवरोधक लगाए गए और लोगों से कहा गया कि उनके पास यात्रा में शामिल होने की अनुमति नहीं है।
राहुल गांधी के साथ यात्रा में शामिल रमेश ने दावा किया कि नूंह के उस भादस गांव में बिजली नहीं थी , जहां यात्रा में शामिल लोगों ने विश्राम किया था।
रमेश ने कहा कि उन्हें बताया गया कि बुधवार को पूरे दिन बिजली नहीं आई जबकि इससे पहले दिन बिजली आपूर्ति में कोई व्यवधान नहीं था।
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे यह प्रतिशोध की राजनीति लगती है। भाजपा (भारतीय जनता पार्टी) सरकार हरियाणा में बौखलाई हुई है।’’
उन्होंने कहा कि यात्रा अगले महीने हरियाणा में अपने अगले चरण में पानीपत, कुरुक्षेत्र, अंबाला और अन्य स्थानों से होकर गुजरेगी और फिर भाजपा सरकार इसके लिए समस्या पैदा करने के नए तरीके खोजेगी।
उन्होंने कहा, ‘‘कल जो हुआ वह गलत था। यदि आप प्रतिशोध की राजनीति करना चाहते हैं, तो कांग्रेस के खिलाफ करें। आपने केवल यात्रा का स्वागत करने के लिए बिजली काट कर ग्रामीणों के खिलाफ ऐसा क्यों किया?’’
हुड्डा ने बिजली कटौती को लेकर भाजपा-जजपा (जननायक जनता पार्टी) सरकार पर निशाना साधा और कहा कि अगर सरकार ने यात्रा के कारण बिजली काट दी तो उसे पूरे हरियाणा में बिजली काटनी होगी क्योंकि पूरा राज्य अब इससे जुड़ा हुआ है।
उन्होंने कहा कि पुलिस का कर्तव्य कानून व्यवस्था बनाए रखना है, न कि किसी को रोकना।
उन्होंने उन्हें चेतावनी देते कहा कि पुलिस अधिकारी राजनीति से प्रेरित कृत्य में लिप्त न हों, सरकारें तो आती-जाती रहती हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 22, 2022 09:46 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

