देश की खबरें | हरियाणा: केजरीवाल ने आदमपुर उपचुनाव में आम आदमी पार्टी को वोट देने की अपील की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बृहस्पतिवार को लोगों से हरियाणा की आदमपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) को वोट देने की अपील की।

आदमपुर, आठ सितंबर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बृहस्पतिवार को लोगों से हरियाणा की आदमपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) को वोट देने की अपील की।

केजरीवाल हरियाणा की दो दिवसीय यात्रा पर हैं। उन्होंने यहां एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि आदमपुर आम आदमी पार्टी (आप) के लिए 2024 में राज्य में सरकार बनाने का प्रवेश द्वार होगा।

हरियाणा विधानसभा से कुलदीप सिंह बिश्नोई के इस्तीफा देने के बाद आदमपुर सीट पर उपचुनाव होना तय है। बिश्नोई कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए हैं। आदमपुर सीट को बिश्नोई का गढ़ माना जाता है।

बिश्नोई का नाम लिए बिना केजरीवाल ने कहा कि वह 24 साल से विधायक हैं।

दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा, “अगर उन्होंने कुछ अच्छा किया है तो उन्हें वोट दें और अगर नहीं तो इस बार बदलाव लाएं।”

केजरीवाल ने कहा, “दो साल बाद हरियाणा में (विधानसभा) चुनाव होगा और यह (उपचुनाव) ट्रेलर है। हम आदमपुर में जमे हुए हैं और तीन-चार महीने में उपचुनाव होगा। केजरीवाल को एक मौका दीजिए। अगर मैं हरियाणा को नहीं बदल पाया, तो मुझे बाहर कर देना।”

‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक ने कहा, “आदमपुर से हमें जिताइए, मैं आपको यकीन दिलाता हूं कि ‘आप’ हरियाणा में सरकार बनाएगी। आदमपुर 2024 में ‘आप’ के लिए हरियाणा में सरकार बनाने का प्रवेश द्वार होगा।”

केजरीवाल ने दूध, गेहूं, चावल और शहद समेत खाद्य वस्तुओं पर कर लगाने के लिए भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर निशाना साधा और इसे देश में बढ़ती महंगाई के लिए जिम्मेदार बताया।

लोगों के साथ भावनात्मक जुड़ाव दिखाने के लिए केजरीवाल ने कहा कि आदमपुर में उनके कई रिश्तेदार हैं।

उन्होंने खुद को 'हरियाणा का छोरा' बताया। उन्होंने हिसार में अपने स्कूल और कॉलेज के दिनों को भी याद किया।

राज्य की दो दिवसीय यात्रा के दूसरे दिन केजरीवाल ने आदमपुर में अपनी पार्टी की 'तिरंगा यात्रा' का नेतृत्व किया। उनके साथ पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी थे।

रैली के दौरान ‘आप’ समर्थक राष्ट्रीय ध्वज लहरा रहे थे जबकि लाउडस्पीकर पर देशभक्ति के गीत बज रहे थे।

केजरीवाल ने बुधवार को अपने गृह नगर हिसार से अपनी पार्टी के 'मेक इंडिया नंबर 1' अभियान की शुरुआत की थी।

उन्होंने दिल्ली के स्कूलों, अस्पतालों और मोहल्ला क्लिनिक के बारे में बात की।

केजरीवाल ने कहा, “हमने दिल्ली में चौबीस घंटे बिजली मुफ्त दी। यह एक जादू है। ईश्वर ने ये हिम्मत सिर्फ केजरीवाल को दी है कि वह ही इसे फ्री कर सकता है और 24 घंटे दे भी सकता है।”

उन्होंने कहा, “मैं हरियाणा के लोगों से कहना चाहता हूं, मैंने स्कूलों, अस्पतालों को अपग्रेड किया है, मोहल्ला क्लिनिक स्थापित किए हैं और बिजली मुफ्त की है। हरियाणा के लोगो, आप मुझसे यह सब क्यों नहीं करवा लेते?”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now