देश की खबरें | हरियाणा यमुना में औद्योगिक कचरा बहा रहा है: आतिशी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने हरियाणा में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर राष्ट्रीय राजधानी में पेयजल की आपूर्ति के स्रोत यमुना नदी में ‘जानबूझकर’ औद्योगिक कचरा बहाने का सोमवार को आरोप लगाया।

नयी दिल्ली, 27 जनवरी दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने हरियाणा में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर राष्ट्रीय राजधानी में पेयजल की आपूर्ति के स्रोत यमुना नदी में ‘जानबूझकर’ औद्योगिक कचरा बहाने का सोमवार को आरोप लगाया।

उसके बाद आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया कि भाजपा नदी में ‘जहर’ मिलाकर लोगों को मारने की कोशिश कर रही है।

आम आदमी पार्टी के नेताओं पर पलटवार करते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि दूसरों पर आरोप लगाना और फिर भाग जाना उनकी पुरानी आदत है।

सैनी ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैंने उससे (दिल्ली की आप सरकार से) अपने मुख्य सचिव को भेजने को कहा है तथा मैंने यह भी कहा कि मैं अपने मुख्य सचिव से पानी की गुणवत्ता की जांच करने को कहूंगा...वे अमोनिया की बात कर रहे हैं, लेकिन पानी की कोई कमी नहीं है।’’

आतिशी ने यहां प्रेसवार्ता में आरोप लगाया कि भाजपा जनादेश अपने पक्ष में करने के लिए ‘जानबूझकर कर दिल्ली की जलापूर्ति बाधित’ कर रही है क्योंकि राष्ट्रीय राजधानी में विधानसभा चुनाव में भाजपा की ‘ऐतिहासिक हार’ होने वाली है।

उन्होंने कहा, ‘‘घबरायी हुई भाजपा पानी की आपूर्ति रोकने जैसे हथकंडे अपना रही है। हरियाणा जानबूझकर औद्योगिक कचरे को यमुना नदी में बहा रहा है, ताकि दिल्ली के लोगों को नुकसान पहुंचाया जा सके और चुनाव परिणाम को गलत तरीके से प्रभावित किया जा सके।’’

मुख्यमंत्री ने रेखांकित किया कि यमुना में औद्योगिक कचरा बहाये जाने के कारण पानी में अमोनिया की मौजूदगी 7.2 पीपीएम तक बढ़ गई है, जो अभूतपूर्व स्तर है।

केजरीवाल ने आरोप लगाया कि भाजपा 'गंदी राजनीति' करके दिल्ली के लोगों को प्यासा रखने की कोशिश कर रही है।

केजरीवाल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट किया, ‘‘हरियाणा से भाजपा के लोग पानी में जहर मिलाकर दिल्ली भेज रहे हैं। अगर यह पानी दिल्ली वासियों ने पी लिया तो कई लोगों की जान चली जाएगी। क्या इस से घिनौना काम कोई हो सकता है? जो जहर पानी में मिलाकर भेजा जा रहा है, वह जल शोधन संयंत्र में भी साफ नहीं हो सकता। दिल्ली के लोगों की सुरक्षा के लिए कई इलाकों में पानी बंद करना पड़ रहा है।’’

उन्होंने कहा कि भाजपा दिल्ली के लोगों की ‘‘सामूहिक हत्या’’ करना चाहती है लेकिन आप ऐसा नहीं होने देगी।

उन्होंने कहा कि दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) के सतर्क इंजीनियरों ने प्रदूषित पानी को राष्ट्रीय राजधानी में आने से रोक दिया। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘अगर वह पानी दिल्ली में आ जाता और पीने के पानी में मिल जाता, तो बड़े पैमाने पर नरसंहार हो जाता।’’

आप संयोजक ने कहा कि एक तिहाई दिल्ली इसके कारण पेयजल की कमी से जूझ रही है।

भाजपा पर ‘गंदी राजनीति’ करने का आरोप लगाते हुए केजरीवाल ने कहा कि पार्टी से जुड़े लोग ‘अराजकता’ फैलाने और आप को दोषी ठहराने के लिए दिल्ली में ‘जहर मिला हुआ’ पानी भेज रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जैविक हथियारों का इस्तेमाल और नदियों में जहर मिलाने जैसी हरकतें युद्ध में शामिल देशों के मामले में सुनी गई हैं।

आतिशी ने कहा, ‘‘मैंने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ मिलकर, निर्वाचन आयोग के साथ तत्काल बैठक की मांग की है ताकि उसके समक्ष इन मुद्दों को रखा जा सके।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली को ‘‘जहरीला पानी’’ आपूर्ति कर भाजपा जनता के स्वास्थ्य को खतरे में डाल रही है।

दिल्ली विधानसभा चुनाव पांच फरवरी है और मतगणना आठ फरवरी को होगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now