देश की खबरें | हरियाणा : धोखाधड़ी के मामले में बैंक प्रबंधक सहित चार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

जींद (हरियाणा), 12 दिसंबर हरियाणा में

कथित तौर पर बेरोजगार युवकों को ऋण देने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में एक बैंक के शाखा प्रबंधक सहित चार लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि जींद जिले के टोहाना निवासी मुकेश, नरवाना निवासी नीलम, बडनपुर निवासी सोनू समेत कुछ अन्य युवकों ने शिकायत की है कि स्वरोजगार के लिए ऋण दिलाने के नाम पर उनके साथ धोखाधड़ी की गई है।

पुलिस ने शिकायत के हवाले से बताया कि सैंथली गांव निवासी नरेश के जरिेये युवकों ने नरवाना स्थित एक बैंक के शाखा प्रबंधक राजेश नेहरा, कर्मचारी राकेश, सुधीर, अशोक से सपंर्क किया जिन्होंने कमीशन पर उन्हें ऋण दिलाने की बात कही और दस्तावेज पर हस्ताक्षर करवा लिए।

शिकायत के मुताबिक बैंककर्मियों ने उनके नाम से ऋण लेकर राशि हड़प ली।

पुलिस ने बताया कि शिकायत की जब डीएसपी नरवाना ने जांच की तो सामने आया कि बैंक ने औद्योगिक क्षेत्र के जिस भूखंड में इकाई स्थापित होने की जानकारी दी है उसके मालिक ने भूखंड को कभी पट्टे पर नहीं देने की बात कही।

शहर थाना के जांच अधिकारी भीम सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)