देश की खबरें | हरियाणा चुनाव: टिकट न मिलने पर भाजपा विधायक लक्ष्मण नापा ने पार्टी छोड़ी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हरियाणा में पांच अक्टूबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए टिकट नहीं मिलने पर रतिया सुरक्षित विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक लक्ष्मण दास नापा ने पार्टी छोड़ दी है।
चंडीगढ़, पांच सितंबर हरियाणा में पांच अक्टूबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए टिकट नहीं मिलने पर रतिया सुरक्षित विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक लक्ष्मण दास नापा ने पार्टी छोड़ दी है।
सत्तारूढ़ दल भाजपा द्वारा चुनावों के लिए 67 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी किए जाने के कुछ ही देर बाद नापा ने पार्टी की राज्य इकाई के प्रमुख मोहन लाल बडोली को लिखे पत्र में कहा कि वह पार्टी छोड़ रहे हैं और प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रहे हैं।
रतिया से पार्टी ने सिरसा की पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल को मैदान में उतारा है।
दुग्गल को इस बार सिरसा संसदीय क्षेत्र से पुन: टिकट नहीं दिया गया था। इस साल संसदीय चुनावों से पहले भाजपा में शामिल हुए कांग्रेस की हरियाणा इकाई के पूर्व प्रमुख अशोक तंवर को इस सीट से लोकसभा चुनावों में उतारा गया था।
हालांकि, तंवर कांग्रेस की वरिष्ठ नेता कुमारी सैलजा से हार गए थे।
भाजपा ने हरियाणा की 90 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव के लिए बुधवार को 67 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। भाजपा ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को लाडवा सीट से उम्मीदवार बनाने के अलावा पार्टी में हाल में शामिल हुए कई नेताओं को टिकट दिए हैं।
हरियाणा विधानसभा चुनाव में भाजपा का लक्ष्य तीसरी बार चुनाव जीतना है लेकिन उसे कांग्रेस से कड़ी चुनौती मिल रही है।
सैनी विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री पद के लिए भाजपा का चेहरा हैं। राज्य में विधानसभा चुनाव पांच अक्टूबर को होने हैं और मतों की गिनती आठ अक्टूबर को होगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 05, 2024 11:14 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

