देश की खबरें | हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने 'एक राष्ट्र, एक चुनाव' का समर्थन किया

चंडीगढ़, दो सितंबर हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने शनिवार को कहा कि उनकी जननायक जनता पार्टी (जजपा) 'एक राष्ट्र, एक चुनाव' के विचार का समर्थन करती है क्योंकि इससे अलग-अलग चुनाव कराने पर होने वाला खर्च काफी कम हो जाएगा।

चौटाला ने कहा कि उनकी जननायक जनता पार्टी ने 2022 में इस मुद्दे पर निर्वाचन आयोग द्वारा बुलाई गई बैठक में इस विचार का पुरजोर समर्थन किया था।

इससे पहले, सरकार ने लोकसभा, राज्य विधानसभाओं, नगर पालिकाओं और पंचायतों के चुनाव एक साथ कराने के मुद्दे पर गौर करने और जल्द से जल्द सिफारिशें देने के लिए शनिवार को आठ सदस्यीय उच्च स्तरीय समिति की अधिसूचना जारी की।

चौटाला ने कहा कि इस विषय पर समिति गठित करने से अच्छे सुझाव आएंगे।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि देश में बार-बार चुनाव होने से सरकारी संसाधनों और धन का व्यापक उपयोग होता है।

उन्होंने कहा कि ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ राज्यों में क्षेत्रीय दलों को भी मजबूत करेगा।

एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार चौटाला ने नरवाना विधानसभा क्षेत्र के अपने दौरे के दौरान ग्रामीणों को संबोधित करते हुए यह बयान दिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)