देश की खबरें | हरियाणा विधानसभा: कांग्रेस विधायकों ने मेवात में गौरक्षकों पर अराजकता फैलाने का लगाया आरोप
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हरियाणा विधानसभा में बुधवार को कई कांग्रेस विधायकों ने आरोप लगाया कि मेवात क्षेत्र में कुछ गौरक्षक गोरक्षा के नाम पर अराजकता फैलाने में लगे हैं। उन्होंने दावा किया कि राजस्थान से दो लोगों का अपहरण एवं उनकी हत्या कोई छिटपुट घटना नहीं है।
चंडीगढ़, 22 फरवरी हरियाणा विधानसभा में बुधवार को कई कांग्रेस विधायकों ने आरोप लगाया कि मेवात क्षेत्र में कुछ गौरक्षक गोरक्षा के नाम पर अराजकता फैलाने में लगे हैं। उन्होंने दावा किया कि राजस्थान से दो लोगों का अपहरण एवं उनकी हत्या कोई छिटपुट घटना नहीं है।
पुन्हाना के विधायक मोहम्मद इलयास और फिरोजपुर झिरका के विधायक मम्मन खान ने नासिर और जुनैद की हत्या की निंदा करते हुए शून्यकाल के दौरान यह मुद्दा उठाया। हरियाणा के भिवानी के लोहारू में एक जली कार में दोनों के शव मिले थे।
नासिर और जुनैद के परिवारों ने पुलिस में की गयी अपनी शिकायत में बजरंग दल से कथित रूप से जुड़े पांच लोगों के नाम लिये थे।
मोहम्मद इलयास ने दावा किया कि यदि हरियाणा पुलिस ने समय रहते कार्रवाई की होती तो इन दोनों की जान बचायी जा सकती थी।
इलयास ने आरोप लगाया, ‘‘ पुलिस भी आरोपियों को प्रश्रय दे रही है। हरियाणा पुलिस को पीड़ितों को अपनी हिरासत में लेना चाहिए था। ऐसा जान पड़ता है कि हरियाणा पुलिस आरोपियों के साथ मिली हुई थी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ हरियाणा में अल्पसंख्यक असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।’’
मृत व्यक्तियों के परिवार के सदस्यों ने आरोप लगाया था कि नासिर और जुनैद की गौरक्षकों द्वारा अगवा कर लिये जाने के बाद हत्या कर दी गयी। जुनैद के भाई इस्माइल ने आरोप लगाया था कि हमले के बाद दोनों को थाने ले जाया गया लेकिन नूंह में पुलिसकर्मियों ने उन्हें हिरासत में लेने से मना कर दिया।
विधायक इलयास ने कहा, ‘‘मेवात क्षेत्र में कोई भी गोकशी में शामिल नहीं है लेकिन कुछ गौरक्षक अराजकता फैलाने एवं निर्दोष लोगों को परेशान करने में लगे हैं।’’
विधायक मम्मन खान ने कहा कि यह कोई छिटपुट घटना नहीं है, अतीत में भी मेवात क्षेत्र में ऐसे मामले सामने आये हैं। उन्होंने जनवरी की एक घटना का उल्लेख किया जिसमें एक युवक की मौत हो गयी थी और उसके परिवार ने आरोप लगाया कि गौरक्षकों के एक समूह ने उसपर हमला किया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)