देश की खबरें | हरसिमरत का इस्तीफा ‘‘राजनीतिक निर्णय’’ : पंजाब भाजपा प्रमुख
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पंजाब भाजपा इकाई के प्रमुख अश्वनी शर्मा ने हरसिमरत कौर बादल के मंत्रिमंडल से दिए इस्तीफे को शुक्रवार को शिरोमणि अकाली दल (शिअद) का ‘‘राजनीतिक निर्णय’’ करार दिया और कहा कि पार्टी अब भी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का हिस्सा है।
चंडीगढ़, 18 सितम्बर पंजाब भाजपा इकाई के प्रमुख अश्वनी शर्मा ने हरसिमरत कौर बादल के मंत्रिमंडल से दिए इस्तीफे को शुक्रवार को शिरोमणि अकाली दल (शिअद) का ‘‘राजनीतिक निर्णय’’ करार दिया और कहा कि पार्टी अब भी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का हिस्सा है।
कौर ने कृषि क्षेत्र से जुड़े तीन विधेयकों के विरोध में बृहस्पतिवार को केन्द्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था।
यह भी पढ़े | खचीर्ली लाइफस्टाइल को पूरा करने के लिए युवक ने दादा के अकाउंट से निकाले 15 लाख, ऐसे फूटा भांडा.
शर्मा ने पत्रकारों से कहा कि केन्द्र में भाजपा नीत सरकार द्वारा लाए तीन विधेयक किसान समुदाय के हित में हैं।
शर्मा ने कहा, ‘‘ अकाली दल राजग का हिस्सा है, लेकिन यह एक अलग राजनीतिक दल है। उन्होंने यह निर्णय कुछ राजनीतिक कारणों के चलते लिया है। हमारा (शिअद-भाजपा) गठबंधन है, लेकिन दोनों अलग राजनीतिक दल हैं। उन्होंने एक राजनीतिक निर्णय लिया है।’’
दोनों दलों के गठबंधन के जारी रहने पर शर्मा ने कहा कि उन्होंने (अकाली दल) ने खुद ही कहा है कि वे राष्ट्रीय लोकतांत्रिक दल (राजग) का हिस्सा हैं।
शिअद प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने बृहस्पतिवार को दिल्ली में कहा था कि भविष्य के कदम और भाजपा नीत राजग गठबंधन में रहने या नहीं रहने को लेकर बाद में पार्टी की बैठक में निर्णय लिया जाएगा।
शर्मा ने कहा कि तीनों विधेयक ‘‘निश्चित रूप से कृषि आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।’’
पंजाब भाजपा प्रमुख ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आश्वासन दिया है कि फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य और सरकारी खरीद जारी रहेगी।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए शर्मा ने कहा कि पंजाब की सत्तारूढ़ पार्टी किसानों को विधेयकों पर ‘‘भ्रमित’’ करने की कोशिश कर रही है ताकि ‘‘शराब माफिया, छात्रवृत्ति घोटाले, भ्रष्टाचार और अपने चुनावी वादों को निभाने में विफलता जैसे ज्वलंत मुद्दों से ध्यान हटा सके।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)