एजेंसी न्यूज

हर्षवर्धन ने लोगों और एनजीओ से की रक्तदान की अपील

स्वास्थ्य मंत्री ने लोगों से सामाजिक दूरी और लॉकडाउन के नियमों का पालन करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि भारत में वर्तमान में पर्याप्त संख्या में कोविड-19 अस्पताल, पीपीई किट और वेंटिलेटर हैं।

हर्षवर्धन ने लोगों और एनजीओ से की रक्तदान की अपील
जमात

नयी दिल्ली, चार मई केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्ष वर्धन ने स्वयं सेवी संस्थाओं,गैर सरकारी संगठनों और लोगों से रक्तदान करने की सोमवार को अपील की ताकि कोरोना वायरस संकट के दौरान देश में जरूरतमंदों के लिए इसकी कमी नहीं होने पाए।

स्वास्थ्य मंत्री ने लोगों से सामाजिक दूरी और लॉकडाउन के नियमों का पालन करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि भारत में वर्तमान में पर्याप्त संख्या में कोविड-19 अस्पताल, पीपीई किट और वेंटिलेटर हैं।

उन्होंने भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी बिल्डिंग में आयोजित रक्तदान शिविर में कहा,‘‘रक्तदान जिंदगियां बचाता है, हमें रक्तदान के प्रति जागरुकता बढ़ानी चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए की जरूरतमंद को सुरक्षित एवं गुणवत्तापरक रक्त वक्त पर मिल सके।’’

उन्होंने कहा,‘‘आइए हम सब रक्तदान करें और जरूरत में किसी और के लिए मौजूद रहें।’’

हर्ष वर्धन ने कहा कि एक स्वस्थ व्यक्ति 65वर्ष की आयु तक हर तीन माह में रक्तदान कर सकता है। एक वर्ष में कोई चार बार रक्तदान करके स्वस्थ रह सकता है। इस दौरान उन्होंने रक्तदान के फायदे के बारे में भी बताया।

केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी से नियमित तौर पर रक्तदान करने वालों के पास मोबाइल वैन भेजने का अनुरोध किया ताकि कोरोना वायरस संकट के दौरान ऐसे लोग रक्तदान के लिए आगे आ सकें ।

उन्होंने कहा,‘‘कोविड-19 के मुश्किल वक्त में हम जरूरतमंद मरीज तक रक्त की आपूर्ति कर पा रहे हैं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 04, 2020 09:41 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).