एजेंसी न्यूज

खेल की खबरें | महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में हरमनप्रीत, दीप्ति को फायदा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. कप्तान हरमनप्रीत कौर दक्षिण अफ्रीका में चल रही त्रिकोणीय श्रृंखला में अच्छे प्रदर्शन की बदौलत अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की नवीनतम महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रैंकिंग में तीन स्थान के फायदे से 11वें स्थान पर पहुंच गई हैं।

खेल की खबरें | महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में हरमनप्रीत, दीप्ति को फायदा

दुबई, 24 जनवरी कप्तान हरमनप्रीत कौर दक्षिण अफ्रीका में चल रही त्रिकोणीय श्रृंखला में अच्छे प्रदर्शन की बदौलत अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की नवीनतम महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रैंकिंग में तीन स्थान के फायदे से 11वें स्थान पर पहुंच गई हैं।

हरमनप्रीत वेस्टइंडीज के खिलाफ 35 गेंद में नाबाद 56 रन की पारी की बदौलत शीर्ष 10 बल्लेबाजों में जगह बनाने के करीब हैं। ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 33 रन की पारी से करियर के सर्वश्रेष्ठ 25वें पायदान पर पहुंच गई हैं।

नवीनतम रैंकिंग में दीप्ति ऑलराउंडरों की सूची में भी एक स्थान के फायदे से दूसरे स्थान पर पहुंच गई हैं।

वेस्टइंडीज के खिलाफ 51 गेंद में नाबाद 74 रन की पारी खेलकर मैच की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी बनीं स्मृति मंधाना तीसरे स्थान के साथ भारत की शीर्ष रैंकिंग वाली खिलाड़ी हैं। उन्हें इस पारी से नौ रेटिंग अंक का फायदा हुआ और उनके कुल 736 अंक हो गए हैं।

स्मृति पिछले साल सितंबर में रैंकिंग में दूसरे स्थान पर काबिज थी। वह दूसरे स्थान पर चल रही बेथ मूनी से 24 अंक पीछे हैं। ताहलिया मैकग्रा 814 अंक के साथ शीर्ष पर हैं।

दक्षिण अफ्रीका की कप्तान सुने लुस दो मैच में 29 और 30 रन के साथ 47वें से 45वें स्थान पर पहुंच गई हैं। क्लो टायरन और मारिजेन कैप को भी रैंकिंग में फायदा हुआ है।

टी20 अंतरराष्ट्रीय गेंदबाजी रैंकिंग में दक्षिण अफ्रीका की बाएं हाथ की स्पिनर नोनकुलुलेको मलाबा चार स्थान के फायदे से करियर के सर्वश्रेष्ठ चौथे स्थान पर पहुंच गई हैं। उन्होंने दो मैच में दो विकेट चटकाए।

भारत की स्नेह राणा शीर्ष 10 में हैं जबकि अयाबोंगा खाका (चार स्थान के फायदे से 16वें स्थान), राजेश्वरी गायकवाड़ (10 स्थान आगे बढ़कर 18वें पायदान पर) और राधा यादव (12 स्थान आगे बढ़कर 28वें स्थान पर) को भी रैंकिंग में फायदा हुआ है।

एकदिवसीय खिलाड़ी रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाज बेथ मूनी और मेग लैनिंग दोनों दो-दो स्थान के फायदे से क्रमश: दूसरे और पांचवें स्थान पर पहुंच गए हैं। इन दोनों ने आईसीसी महिला चैंपियनशिप सीरीज में ऑस्ट्रेलिया की पाकिस्तान की 3-0 से जीत में अहम भूमिका निभाई।

मूनी को दूसरे और तीसरे मैच में क्रमश: नाबाद 57 और 133 रन की पारी के लिए श्रृंखला की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया था। लैनिंग ने दो पारियों में 67 और 72 रन बनाए।

पाकिस्तान की कप्तान बिसमाह महारूफ तीन स्थान के फायदे से 22वें पायदान पर पहुंच गई हैं। उन्होंने श्रृंखला में 93 रन बनाए। निदा दार भी तीन स्थान के फायदे से 32वें स्थान पर हैं।

गेंदबाजी रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया की एशले गार्डनर सात स्थान के फायदे से 13वें जबकि एलिस पैरी एक स्थान के फायदे से 12वें स्थान पर हैं।

एलेना किंग को आठ जबकि डार्सी ब्राउन को दो स्थान का फायदा हुआ है। ये दोनों क्रमश: 32वें और 40वें पायदान पर हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jan 24, 2023 03:38 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).