गैरसैंण (उत्तराखंड), तीन मार्च उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी के पड़ोसी दिवालीखाल में प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज की घटना की निंदा करते हुए कांग्रेस महासचिव हरीश रावत ने बुधवार को कहा कि मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को इसके लिए महिलाओं से माफी मांगनी चाहिए ।
सड़क चौड़ीकरण की मांग को लेकर सोमवार को यहां विधानसभा का घेराव करने जा रहे घाट ब्लॉक के लोगों और पुलिस के बीच तीखी झड़पें हुई थीं । इस दौरान हुई पत्थरबाजी के बाद पुलिस ने उन पर पानी की बौछार और हल्का लाठीचार्ज किया था । प्रदर्शनकारियों में महिलाएं भी शामिल थीं । मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने इस पूरी प्रकरण की मजिस्ट्रेट जांच का आदेश दिया है।
विधानसभा की कार्यवाही देखने जाने से पहले संवाददाताओं से बातचीत करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि इस मामले की जांच उच्च न्यायालय के न्यायाधीश से कराई जानी चाहिए ।
उन्होंने कहा कि महिलाओं पर लाठीचार्ज किया जाना निंदनीय है और मुख्यमंत्री को घाट जाकर उनसे माफी मांगनी चाहिए ।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि गैरसैंण को हमने जिस रुप में छोड़ा था आज भी वह वैसा ही है और मुख्यमंत्री के एक दो पत्थर इधर-उधर करने के अलावा यहां स्थिति जस की तस है ।
उन्होंने कहा कि गैरसैंण को ग्रीष्मकालीन राजधानी घोषित किया गया है तो कम-से-कम डेढ़ महीने सरकार को यहां रहना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘केवल बोर्ड और होर्डिंग से ही राजधानी नहीं बन जाती। मंत्रियों और सरकार को यहां बैठना चाहिए और कम-से-कम डेढ़ महीने यहां सरकार चलनी चाहिए।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY