विदेश की खबरें | हैती भूकंप : मृतक संख्या 1,297 पर पहुंची, तूफान आने से और विकट हो सकते हैं हालात

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. भीषण गर्मी के बावजूद लोग खुले में रहने को मजबूर हैं और मरीजों से पटे अस्पतालों में लोग इलाज के लिए इंतजार कर रहे हैं। इस हफ्ते की शुरुआत में संकट और भी बढ़ सकता है क्योंकि तूफान ग्रेस सोमवार रात तक हैती पहुंच सकता है।

भीषण गर्मी के बावजूद लोग खुले में रहने को मजबूर हैं और मरीजों से पटे अस्पतालों में लोग इलाज के लिए इंतजार कर रहे हैं। इस हफ्ते की शुरुआत में संकट और भी बढ़ सकता है क्योंकि तूफान ग्रेस सोमवार रात तक हैती पहुंच सकता है।

अमेरिका के राष्ट्रीय तूफान केंद्र ने रविवार को कहा कि तूफान बहुत शक्तिशाली नहीं होगा लेकिन मौसम विज्ञानियों ने आगाह किया है कि भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन का खतरा बना हुआ है।

शनिवार को हैती के दक्षिणपश्चिम हिस्से में भूकंप आने से कई शहर लगभग पूरी तरह से तबाह हो चुके हैं और भूस्खलन होने से बचाव अभियान प्रभावित हो रहा है। भूकंप के कारण कोरोना वायरस महामारी से पहले से बुरी तरह प्रभावित हैती के लोगों की पीड़ा और भी बढ़ गई है।

अमेरिकी भूगर्भीय सर्वेक्षण ने कहा है कि भूकंप का केंद्र राजधानी पोर्ट औ प्रिंस से करीब 125 किलोमीटर की दूरी पर था। रविवार को भी यहां झटके महसूस किए गए।

रविवार को लोग स्थानीय बाजार में खाने-पीने की वस्तुएं जुटाने के लिए उमड़ पड़े।

प्रधानमंत्री एरियल हेनरी ने कहा कि वह ऐसे स्थानों पर मदद भिजवा रहे हैं जहां पर शहर तबाह हो चुके हैं और अस्पताल मरीजों से भर गए हैं।

प्रधानमंत्री ने पूरे देश में एक महीने की आपात स्थिति की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि कुछ शहर तो लगभग पूरी तरह से तबाह हो चुके हैं और स्थानीय अस्पताल, खासकर भूकंप से बुरी तरह प्रभावित लेस कायेस के अस्पताल मरीजों से भरे हैं।

हैती के नागरिक सुरक्षा कार्यालय की ओर से बताया गया कि 7,000 से अधिक मकान नष्ट हो गए तथा करीब 5,000 क्षतिग्रस्त हो गए। अस्पताल, स्कूल, कार्यालय और गिरजाघर भी प्रभावित हुए हैं।

हैती पर यह आपदा ऐसे समय आई है जब वह कोरोना वायरस महामारी से जूझ रहा है और उसके पास इन संकटों से निबटने के संसाधनों की कमी है।

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने यूएसऐड प्रशासक समांथा पॉवर को हैती को अमेरिकी मदद देने के लिए समन्वयक अधिकारी के रूप में नियुक्त किया है।

पॉवर ने रविवार को कहा कि हैती के सरकार के अनुरोध पर यूएसऐड वर्जीनिया से तलाश एवं बचाव दलों को वहां भेज रहा है। 65 लोगों का दल आपदा मोचन कार्य में मदद देने के लिए विशेष उपकरण एवं चिकित्सा आपूर्ति पहुंचाएगा।

अमेरिकी तटरक्षक बल ने कहा कि एक हेलीकॉप्टर चिकित्साकर्मियों को हैती की राजधानी से भूकंप प्रभावित क्षेत्र में ले जा रहा है और घायलों को वहां से निकालकर पोर्ट ओ प्रिंस लाएगा। क्यूबा का 253 सदस्यीय स्वास्थ्य मिशन भी हैती पहुंच चुका है

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\