गुतारेस ने संरा महासभा के लिये विश्व नेताओं के पूर्व रिकॉर्ड किये संदेशों के इस्तेमाल का सुझाव दिया
उनका कहना है कि इसकी संभावना बेहद कम है कि कोविड-19 महामारी के बीच राष्ट्रों और सरकारों के प्रमुख एक हफ्ते के लिये न्यूयॉर्क की यात्रा कर सकेंगे।
संयुक्त राष्ट्र, 19 मई संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने सुझाव दिया है कि सितंबर में होने वाले वार्षिक आमसभा के सत्र को “अलग प्रारूप” में आयोजित किया जाए, जैसे कि विश्व नेताओं के पहले से रिकॉर्ड संदेशों का इस्तेमाल किया जाए।
उनका कहना है कि इसकी संभावना बेहद कम है कि कोविड-19 महामारी के बीच राष्ट्रों और सरकारों के प्रमुख एक हफ्ते के लिये न्यूयॉर्क की यात्रा कर सकेंगे।
संयुक्त राष्ट्र इस साल अपनी 75वीं वर्षगांठ मना रहा है और सितंबर में होने वाली वार्षिक आम सभा में 193 सदस्य देशों के नेता, मंत्री, कूटनीतिज्ञ न्यूयॉर्क में संरा मुख्यालय में मीडिया कर्मियों और हजारों नागरिक संस्थाओं के सदस्यों के साथ जुटते हैं।
अमेरिका में न्यूयॉर्क कोविड-19 महामारी का केंद्र है। राज्य में संक्रमण के 3,56,278 मामले सामने आ चुके हैं जबकि 28,302 लोगों की जान जा चुकी है।
गुतारेस ने 18 मई को आम सभा के 74वें सत्र के अध्यक्ष तिज्जानी मुहम्मद बांदे को लिखे पत्र में कहा कि चिकित्सकों का मानना है कि आने वाले महीनों में कोविड-19 महामारी का चक्र दुनिया भर में अलग-अलग गंभीरता स्तर के साथ चलता रहेगा। इस कारण कुछ जगहों पर अंतरराष्ट्रीय यात्रा पाबंदियों को बरकरार रखने की जरूरत होगी तथा सामाजिक दूरी के उपायों को बरकरार रखने के साथ ही ज्यादा भीड़-भाड़ से भी बचना होगा।
उन्होंने कहा कि न्यूयॉर्क की यात्रा करने और यहां से लौटने के बाद कई यात्रियों को पृथक-वास में भी रहना होगा।
गुतारेस ने पत्र में कहा, “ऐसे में इस बात की संभावना बेहद कम है कि सभी सदस्य राष्ट्रों के प्रमुख या सरकारों के प्रमुख सितंबर में न्यूयॉर्क की यात्रा कर सकें।”
उन्होंने पत्र में कहा “इसलिये, आप अनुशंसा कर सकते हैं कि आम सभा 75वें सत्र की आम चर्चा के लिये अलग प्रारूप पर विचार करे, जैसे राष्ट्राध्यक्षों, सरकार के प्रमुखों, मंत्रियों द्वारा उपलब्ध कराए गए पूर्व रिकॉर्डेड संदेशों का इस्तेमाल किया जाए जबकि महासभा सभागार में सभी सदस्य राष्ट्रों के न्यूयॉर्क स्थिति प्रतिनिधिमंडल के एक सदस्य को भौतिक रूप से वहां रहने दिया जाए।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 19, 2020 03:29 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

