देश की खबरें | गुरुग्राम: 23 आवासीय सोसाइटियों में ‘असुरक्षित’ इमारतों के संरचनात्मक ऑडिट का आदेश
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. गुरुग्राम प्रशासन ने यहां 23 हाउसिंग सोसाइटियों में मौजूद इमारतों के संरचनात्मक ऑडिट (लेखा परीक्षा) का आदेश दिया है, क्योंकि निरीक्षण से पता चला है कि वे असुरक्षित हो सकती हैं।
गुरुग्राम (हरियाणा), पांच जुलाई गुरुग्राम प्रशासन ने यहां 23 हाउसिंग सोसाइटियों में मौजूद इमारतों के संरचनात्मक ऑडिट (लेखा परीक्षा) का आदेश दिया है, क्योंकि निरीक्षण से पता चला है कि वे असुरक्षित हो सकती हैं।
उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने कहा कि पिछले साल ‘चिंटल्स पैराडाइसो सोसायटी’ में हुए हादसे के बाद जिला प्रशासन असुरक्षित इमारतों की पहचान के लिए संरचनात्मक ऑडिट कर रहा है।
उन्होंने कहा कि ऑडिट रिपोर्ट के आधार पर मरम्मत की जाएगी और अगर कोई इमारत मरम्मत के योग्य नहीं है, तो उसे खाली कराया जाएगा।
दस फरवरी, 2022 को सेक्टर 109 में चिंटल्स पैराडाइसो सोसाइटियों में टॉवर डी की छठी मंजिल के अपार्टमेंट के भोजन कक्ष (डाइनिंग रूम) का फर्श गिरने से दो महिलाओं की मौत हो गई थी।
यादव ने कहा कि 55 हाउसिंग सोसाइटियों के निरीक्षण के बाद, निर्णय लिया गया है कि पहले चरण में 23 सोसाइटियों में इमारतों का संरचनात्मक ऑडिट किया जाए।
अधिकारी ने कहा कि निरीक्षण में समग्र रखरखाव, प्लास्टर, रिसाव, टपकन, बेसमेंट में सीलन व दरारें, बीम, स्लैब व फर्श की सीलन, और इमारत की छत पर बने पानी के टैंक व शाफ्ट की स्थिति जैसे विभिन्न बिंदु शामिल हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)