गुरुग्राम (हरियाणा), छह मई इंटरपोल ने 30 करोड़ रुपये की लूटपाट के कथित मास्टरमाइंड गुरुग्राम के गैंगस्टर विकास लगारपुरिया को दुबई से गिरफ्तार किया है। यहां एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने कहा कि लगारपुरिया को वापस लाने के प्रयास जारी हैं।
एसीपी(अपराध) प्रीत पाल सिंह सांगवान ने कहा, ‘‘हमारी अपराध इकाई और एसटीएफ ने करोड़ों रुपये की लूटपाट के मामले में गैंगस्टर लगारपुरिया को पूछताछ के लिए प्रोडक्शन वारंट पर लेने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।’’
पिछले सात साल से फरार लगारपुरिया के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने ‘रेड कॉर्नर’ नोटिस जारी किया था। हरियाणा एसटीएफ गुरुग्राम में 30 करोड़ रुपये की लूटपाट के मामले में उसकी तलाश कर रही थी। इस मामले में दो डॉक्टर, दिल्ली का एक पुलिसकर्मी और हरियाणा का भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) का एक अधिकारी आरोपी हैं।
घटना पिछले साल चार अगस्त की है। आरोपी यहां सेक्टर 84 में एक फ्लैट में घुसकर 30 करोड़ रुपये नकद लेकर फरार हो गया था। फ्लैट से एक निजी कंपनी का ऑफिस संचालित हो रहा था।
लगारपुरिया गिरोह के सदस्य अमित उर्फ मिट्टा, दिल्ली के नजफगढ़ निवासी, उत्तर प्रदेश के अभिनव और धरे को गिरफ्तार कर लिया गया, जिसके बाद उन्होंने गैंगस्टर के निर्देश पर नकदी लूटने की बात स्वीकार की। उनकी गिरफ्तारी के बाद एसटीएफ ने डॉ सचिंदर जैन नवल और डॉ जीपी सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
जांच के दौरान एसटीएफ ने आईपीएस अधिकारी धीरज सेतिया की संलिप्तता का खुलासा किया, जिसे निलंबित कर दिया गया था। बाद में सेतिया और दोनों डॉक्टरों को मामले में जमानत मिल गई।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY