देश की खबरें | गुड़गांव नमाज़ विवाद: हिंदू संगठन ने पूर्व सांसद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हरियाणा के गुड़गांव में खुले में नमाज़ पढ़ने को लेकर चल रहे विवाद के बीच, पुलिस ने स्थानीय हिंदू कार्यकर्ता की शिकायत पर राज्यसभा के पूर्व सदस्य मोहम्मद अदीब समेत कुछ अन्य पर सांप्रदायिक सद्भावना बिगाड़ने और भूमि कब्जाने की कोशिश के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है।

गुड़गांव (हरियाणा), पांच जनवरी हरियाणा के गुड़गांव में खुले में नमाज़ पढ़ने को लेकर चल रहे विवाद के बीच, पुलिस ने स्थानीय हिंदू कार्यकर्ता की शिकायत पर राज्यसभा के पूर्व सदस्य मोहम्मद अदीब समेत कुछ अन्य पर सांप्रदायिक सद्भावना बिगाड़ने और भूमि कब्जाने की कोशिश के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है।

अधिकारियों ने बताया कि प्राथमिकी अदीब, अब्दुल हसीब कासमी और मुफ्ती मोहम्मद कासमी के खिलाफ सेक्टर 40 थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 153 ( दंगा कराने की मंशा से भड़काना) और 34 (समान मंशा) के तहत दर्ज की गई है।

सेक्टर 40 थाने के थानेदार कुलदीप सिंह ने संपर्क करने पर बताया कि तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है और कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।

दिसंबर में, अदीब ने सांप्रदायिक और हिंसक भावनाओं पर अंकुश लगाने के उपायों के संबंध में अदालत के निर्देशों का पालन करने में विफल रहने के लिए उच्चतम न्यायालय का रूख कर हरियाणा के पुलिस महानिदेशक और मुख्य सचिव के खिलाफ अवमानना की कार्रवाई शुरू करने का आग्रह किया था। शिकायतकर्ताओं, दिनेश भारती, हिम्मत और विक्की कुमार ने अदीब पर सांप्रदायिक सद्भाव को बिगाड़ने और जमीन कब्जाने की कोशिश करने का आरोप लगाया, जिससे दंगे हो सकते हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय लोगों की जमीन हड़पने के लिए बार-बार प्रयास किए जा रहे हैं।

भारती ने दावा किया कि सेक्टर 40 के एक भूखंड को, जहां मंगतू मनिहार के पूर्वजों को दफनाया गया, उसे कब्रिस्तान घोषित कर दिया गया है और वहां मस्जिद बनाने की मांग की जा रही है।

उन्होंने कहा, “हम किसी धर्म को निशाना नहीं बना रहे हैं। भूमि हथियाना, अतिक्रमण और सार्वजनिक भूमि का दुरुपयोग हमारे प्रमुख मुद्दे हैं। वे (आरोपी) लोगों को गुमराह कर रहे हैं और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं।”

पीटीआई- से अदीब ने कहा कि उन्हें अपने खिलाफ दर्ज होने वाली किसी भी प्राथमिकी के बारे में पता नहीं था और इसके बारे में अभी पता चला है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now