विदेश की खबरें | ईरान के प्रमुख शिया धार्मिक स्थल पर बंदूकधारी ने की गोलीबारी : एक की मौत, आठ घायल
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

अधिकारियों ने फारस सूबे की राजधानी शिराज स्थित शाह चिराग पर हमला करने वाले की मंशा की जानकारी तत्काल नहीं दी है। यह धार्मिक स्थल शिया अकीदतमंदों को अपनी गुंबददार मस्जिद और इस्लाम धर्म के एक प्रमुख सदस्य की मजार की वजह से आकर्षित करता है।

हालांकि, ईरान को पहले भी इस्लामिक स्टेट (आईएस) के सुन्नी चरमपंथियों के हमलों का सामना करना पड़ा है, जो शियाओं को विधर्मी मानते हैं। पश्चिम के साथ तनाव के बीच ईरान को भी अशांति और आर्थिक उथल-पुथल का सामना करना पड़ रहा है।

ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी आईआरएनए फारस प्रांत में सुरक्षा मामलों के डिप्टी गवर्नर इस्माइल क्यूजेलसोफला के हवाले से हताहतों की जानकारी दी।

फारस सूबे के गवर्नर मोहम्मद हादी इमानीह ने ईरान के सरकारी टेलीविजन चैनल को बताया कि एक अकेले बंदूकधारी ने हमले को अंजाम दिया और बाद में सुरक्षा बलों ने उसे हिरासत में ले लिया। उन्होंने अपनी संक्षिप्त टिप्पणियों में हमले के पीछे के मकसद के बारे में नहीं बताया।

शाह चिराग ईरान के पांच शीर्ष शिया धार्मिक स्थलों में से एक है। यह ईरान की राजधानी तेहरान से करीब 675 किलोमीटर दक्षिण में स्थित है। फिलहाल किसी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।

इससे पहले, अक्टूबर 2022 में भी शाह चिराग पर हमला हुआ था, जिसमें 13 लोग मारे गए थे और दर्जनों अन्य घायल हुए थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)