देश की खबरें | गुजरात: सूरत के दो आप पार्षद भाजपा में शामिल, एक को पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए हटाया गया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. गुजरात के सूरत शहर में आम आदमी पार्टी (आप) के दो पार्षद शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गये और उनमें से एक को पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए आप की प्राथमिक सदस्यता से हटा दिया गया।
सूरत, 21 अप्रैल गुजरात के सूरत शहर में आम आदमी पार्टी (आप) के दो पार्षद शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गये और उनमें से एक को पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए आप की प्राथमिक सदस्यता से हटा दिया गया।
इसके बाद सूरत नगर निगम में आप के पार्षदों की संख्या घटकर 15 रह गयी है। पार्टी ने 2021 में हुए निकाय चुनाव में 27 वार्ड में जीत हासिल की थी और अब तक उसके 12 पार्षद भाजपा में शामिल हो चुके हैं।
पार्षद कनू गेडिया और अल्पेश पटेल एक समारोह में भाजपा में शामिल हुए जहां भगवा पट्टिका, टोपी पहनाकर उनका स्वागत किया गया। कुछ ही दिन पहले छह आप पार्षद भाजपा के पाले में आ गये थे।
आप ने एक बयान में गेडिया और पार्षद राजेश मोरडिया को पार्टी के सभी पदों तथा उसकी प्राथमिक सदस्यता से हटाने की घोषणा की।
उसने आरोप लगाया कि दोनों पार्षदों को पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए हटाया गया है, क्योंकि वे अन्य लोगों को भी पैसों का लालच देकर भाजपा में शामिल होने के लिए उकसा रहे हैं।
आप नेता गोपाल इटालिया ने भी दावा किया कि गेडिया और पटेल पैसे की पेशकश के बाद भाजपा में शामिल हुए हैं।
हालांकि, भाजपा ने दावे को खारिज कर दिया और कहा कि गेडिया और पटेल खुद शामिल हुए हैं और उन पर कोई दबाव नहीं था।
सूरत नगर निगम की 120 सीट में से आप ने 27 पर जीत हासिल की थी। भाजपा ने 93 सीट पर जीत हासिल की थी, वहीं कांग्रेस खाता भी नहीं खोल सकी थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)