देश की खबरें | गुजरात में शहरी युवाओं के लिए सेवा-उन्मुख सहकारी समितियां शुरू होंगी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. गुजरात सरकार आठ शहरों में चालकों, कैटरर और रसोइया जैसे पेशेवरों की सहकारी समितियां शुरू करने की योजना बना रही है ताकि निजी कंपनियों की तरह मांग पर आधारित सेवाएं मुहैया कराई जा सकें। सहकारिता राज्य मंत्री जगदीश विश्वकर्मा ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
सुरेंद्रनगर, 24 जनवरी गुजरात सरकार आठ शहरों में चालकों, कैटरर और रसोइया जैसे पेशेवरों की सहकारी समितियां शुरू करने की योजना बना रही है ताकि निजी कंपनियों की तरह मांग पर आधारित सेवाएं मुहैया कराई जा सकें। सहकारिता राज्य मंत्री जगदीश विश्वकर्मा ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
जगदीश विश्वकर्मा ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की गुजरात इकाई की कार्यकारी समिति की बैठक के दूसरे और समापन दिवस के मौके पर संवाददाताओं से यह बात कही।
जगदीश विश्वकर्मा ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘ गुजरात के युवा अपनी उद्यमशीलता की भावना के लिए जाने जाते हैं। ऐसे युवा एक साथ आ सकते हैं और पेशेवर सेवाएं प्रदान करने के लिए अपनी स्वयं की सहकारी समितियां शुरू कर सकते हैं। ऐसे व्यवसाय में जुटी निजी फर्मों की तरह ही चालकों, रसोइयों या कंप्यूटर आपरेटरों की सहकारी समितियां बनाकर युवा विशेषज्ञ सेवाएं प्रदान कर सकते हैं। ’’
उन्होंने कहा कि यहां तक कि सोलर पैनल लगाने की सेवाएं भी उनकी पेशकश का हिस्सा हो सकती हैं।
सहकारिता मंत्री ने कहा कि राज्य की भाजपा सरकार ने अहमदाबाद प्रबंधन संघ के साथ करार किया है, ताकि युवाओं और महिलाओं को प्रशिक्षित किया जा सके कि इस तरह की "अभिनव सहकारी संस्थाएं कैसे काम करेंगी और इसमें सरकार की क्या भूमिका होगी"।
अहमदाबाद प्रबंधन संघ की स्थापना महान वैज्ञानिक विक्रम साराभाई ने की थी।
विश्वकर्मा ने कहा, ‘‘ हम इस योजना को गुजरात के आठ प्रमुख शहरों में शुरू करने की योजना बना रहे हैं। ’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)