देश की खबरें | गुजरात: सड़क दुर्घटना में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत, चार अन्य घायल

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. गुजरात के सूरत शहर में सड़क किनारे बैठे लोगों के समूह के बीच एक कार घुस गई और इस हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हुए हैं। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

सूरत, आठ जून गुजरात के सूरत शहर में सड़क किनारे बैठे लोगों के समूह के बीच एक कार घुस गई और इस हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हुए हैं। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

उतरान पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार रात करीब साढ़े 11 बजे शहर के बाहरी रिंग रोड पर यह हादसा हुआ। उन्होंने बताया कि वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से उतर गया और सड़क किनारे बैठे लोगों के एक समूह के बीच जा घुसा।

अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना में आठ वर्षीय विनय, उसके पिता देवेश वाग्झानी (40) और चाचा संकेत बावरिया (32) की मौत हो गई।

पुलिस निरीक्षक ए डी महंत ने बताया कि कार अहमदाबाद से आ रही थी और इसके चालक को झपकी आ गई, जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया।

उन्होंने बताया कि विनय और उसके चाचा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिता ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

उन्होंने बताया कि चार घायल पीड़ितों का उपचार जारी है। उनमें से एक की हालत गंभीर है। कार की टक्कर से वहां दो अन्य वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। कार चालक यग्नेश गोहिल (40) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\