देश की खबरें | गुजरात: तीन राज्यों में भाजपा की जीत पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न

अहमदाबाद, तीन दिसंबर गुजरात में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं ने मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनावों में पार्टी की जीत पर रविवार को आतिशबाजी की और मिठाइयां बांटीं।

जैसे ही रुझानों और नतीजों में पता चला कि भाजपा इन तीन राज्यों में बढ़त बनाए हुए है, गुजरात भाजपा मुख्यालय और जिला कार्यालयों में जश्न शुरू हो गया।

मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने भाजपा की जीत का श्रेय प्रधानमंत्री मोदी द्वारा दी गई 'गारंटी' और उनकी विकास की राजनीति को दिया।

पटेल ने अहमदाबाद में भाजपा कार्यालय में आयोजित जश्न समारोह में भाग लेने के बाद पत्रकारों से कहा, "नरेन्द्र भाई की विकास की राजनीति, उनकी गारंटी और भाजपा पर जनता के भरोसे के कारण पार्टी ने मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में जीत हासिल की है। लोगों ने भाजपा को वोट देकर सत्ता सौंपी है, ताकि हर कोई सुख, शांति और समृद्धि के साथ आगे बढ़ सके।"

भाजपा की गुजरात इकाई के अध्यक्ष सी.आर. पाटिल ने कहा कि तीन राज्यों में पार्टी का प्रदर्शन मोदी के नेतृत्व में जनता के विश्वास का प्रमाण है।

उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा आगामी लोकसभा चुनाव में गुजरात की सभी 26 सीट जीतेगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)