देश की खबरें | गुजरात: नवनिर्वाचित विधायक चावड़ा, इटालिया ने विधानसभा सदस्य के तौर पर शपथ ली
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनिर्वाचित विधायक राजेंद्र चावड़ा और आम आदमी पार्टी (आप) के गोपाल इटालिया को बुधवार को गुजरात विधानसभा सदस्य के तौर पर शपथ दिलाई गई।
गांधीनगर, 16 जुलाई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनिर्वाचित विधायक राजेंद्र चावड़ा और आम आदमी पार्टी (आप) के गोपाल इटालिया को बुधवार को गुजरात विधानसभा सदस्य के तौर पर शपथ दिलाई गई।
दोनों ने पिछले महीने हुए उपचुनाव में जीत दर्ज की थी। विधानसभा अध्यक्ष शंकर चौधरी ने उन्हें शपथ दिलाई।
गुजरात में दो सीटों के लिए उपचुनाव 19 जून को हुए थे और नतीजे 23 जून को घोषित किये गये थे।
कडी विधानसभा सीट से विजयी हुए चावड़ा के शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और अन्य मंत्री मौजूद थे।
विसावदर से निर्वाचित इटालिया को भी विधानसभा अध्यक्ष ने शपथ दिलाई। इस अवसर पर ‘आप’ के प्रदेश अध्यक्ष इसुदान गढ़वी, प्रदेश महासचिव मनोज सोरठिया तथा पार्टी के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
शपथ ग्रहण के बाद इटालिया ने संवाददाताओं से कहा, "गुजरात विधानसभा को राज्य और देश के महान नेताओं और क्रांतिकारी नेताओं ने सुशोभित किया है। मैं खुद को भाग्यशाली मानता हूं कि मुझे ऐसे सदन में बैठने का अवसर मिला।"
मंत्री ऋषिकेश पटेल ने कहा कि कडी के लोगों ने अनुसूचित जाति समुदाय से आने वाले चावड़ा को काफी मतों के अंतर से विजयी बनाया है।
उन्होंने कहा कि चावड़ा को चुनकर मतदाताओं ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाने वालों को करारा जवाब दिया है।
उपचुनाव के नतीजे आने के बाद 182 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के 162, कांग्रेस के 12 और ‘आप’ के पांच सदस्य हैं। सदन में समाजवादी पार्टी का एक सदस्य है, जबकि दो निर्दलीय विधायक हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 16, 2025 05:20 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

