देश की खबरें | गुजरात: अहमदाबाद में रोडशो में हिस्सा लेंगे केजरीवाल और मान

अहमदाबाद, एक अप्रैल दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान शनिवार को यहां रोड शो में हिस्सा लेंगे।

यह कार्यक्रम आम आदमी पार्टी (आप) के इन दोनों नेताओं की राज्य की दो दिवसीय यात्रा का हिस्सा है। गुजरात में दिसंबर में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है।

गुजरात आप के महासचिव मनोज सोरठिया ने शुक्रवार को कहा, ''दो किलोमीटर का रोड शो अहमदाबाद शहर के निकोल और बापूनगर के बीच निकाला जाएगा। हम इसे तिरंगा यात्रा कह रहे हैं। राज्य भर से पार्टी के सभी प्रमुख नेताओं सहित लगभग 50,000 लोग भाग लेंगे।''

कुछ दिन पहले केजरीवाल के दिल्ली आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन के दौरान की गई तोड़फोड़ के मद्देनजर आप इकाई ने यहां शहर के पुलिस आयुक्त संजय श्रीवास्तव से दोनों नेताओं की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त उपाय करने को कहा।

सोरठिया ने संवाददाताओं से कहा, ''कुछ बदमाशों ने हाल में दिल्ली में केजरीवाल के आवास पर हमला किया। हमें डर है कि कुछ लोग यहां भी हमारे नेताओं पर हमला कर सकते हैं। इसलिए, हमने अतिरिक्त सावधानी बरतने और अपने नेताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस आयुक्त को एक पत्र भेजा है।''

पार्टी द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार केजरीवाल और मान आज रात यहां पहुंचेंगे और एक होटल में ठहरेंगे।

शनिवार सुबह वे सबसे पहले गांधी आश्रम जाएंगे और फिर दोपहर में तिरंगा यात्रा का नेतृत्व करने शहर के निकोल इलाके में पहुंचेंगे।

सोरठिया ने कहा कि रविवार शाम को दिल्ली रवाना होने से पहले वे शाहीबाग इलाके में स्वामीनारायण मंदिर जाएंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)